वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल अपनी तूफानी बल्लेबाजी के अलावा पार्टी और मौज-मस्ती करने के लिए जाने जाते हैं। गेल की टीम पंजाब किंग्स 12 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से अपने आईपीएल अभियान की शुरुआत करेगी। उससे पहले एक दिन पहले उन्होंने ‘जमैका टू इंडिया’ सांग रिलीज कर दिया। इसमें गेल मशहूर रैपर एमिवे बंटाय (Emiway Bantai) के साथ हैं। गेल के इस सॉन्ग में हिंदी और इंग्लिश दोनों भाषाएं हैं।
‘जमैका टू इंडिया’ गाने को एमिवे बंटाय के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया है। इस गाने को अब तक 16 लाख से ज्यादा लोग यूट्यूब पर देख चुके हैं। गाने के बारे एमिवे ने लिखे हैं। इसमें उनका साथ क्रिस गेल की टीम ने दिया है। म्यूजिक टोनी जेम्स ने दिया है। पंजाब किंग्स के इस ओपनर बल्लेबाज ने एक सप्ताह पहले ही बताया था कि वे भारतीय कलाकार एमिवे के साथ एक गाना रिलीज करने वाले हैं। उन्होंने उस समय एमिवे की जमकर तारीफ की थी। गेल ने कहा था कि वे एक प्रतिभाशाली कलाकार हैं।
गेल ने हाल ही में माइकल जैक्सन की तरह डांस करते हुए एक वीडियो शेयर किया था। पंजाब किंग्स ने क्रिस गेल का डांस करने वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, ‘क्वारंटीन दा खत्म खेल, बाहर आ गए त्वाडे फेवरिट क्रिस गेल (क्वारंटीन पूरा हो चुका है, आपके चहेते क्रिस गेल बाहर आ चुके हैं)।’ क्रिस गेल ने भी इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा था, ‘जब आप पूरी तरह से पृथकवास (क्वारंटीन) से बाहर निकलते हैं! क्या मैंने डांस फ्लोर पर आप लोगों को चकित किया? यह वर्कआउट के बाद किया गया हार्डवर्क था।
क्रिस गेल इस बार आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। गेल तीन बार सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2011 में 44, 2012 में 59 और 2013 में 51 छक्के मारे थे। उनके बाद इस मामले में दूसरे स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल हैं। मैक्सवेल ने 2014 में 36 और 2017 में 26 छक्के उड़ाए थे। वे ऐसा ही प्रदर्शन इस सीजन में करना चाहेंगे।