भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जा रही है। वह अपने सारे मैच दुबई में खेलने वाली है। इस बात से पाकिस्तान में काफी नाराजगी है। इस बीच ऐसी खबरें आई थीं कि कराची के नेशनल स्टेडियम में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले सभी देशों का झंडा फहराया था लेकिन वहां तिरंगा नहीं था। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने दावा किया कि भारत मुकाबलों के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगा और इसी कारण यह फैसला किया गया है। हालांकि अब स्थिति बदली हुई दिख रही है।

पीसीबी ने दिया था नियमों का हवाला

जब तिरंगे को लेकर विवाद हुआ तब पीसीबी ने नियमों का हवाला दिया था। उन्होंने कहा, ‘ICC ने सलाह दी है कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के मैच के दिन केवल चार झंडे फहराए जाएंगे – ICC (इवेंट अथॉरिटी), PCB (इवेंट होस्ट) और उस दिन प्रतिस्पर्धा करने वाली दोनों टीमें।’

हालांकि इस जवाब से भारतीय फैंस और अधिकारी संतुष्ठ नहीं थे। कुछ समय पहले जब राजीव शुक्ला से कराची में तिरंगा न होने को लेकर सवाल किया था तो उन्होंने नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा, “सबसे पहले यह पुष्टि होनी चाहिए कि वहां भारतीय झंडा था या नहीं। अगर नहीं था तो उसे लगाया जाना चाहिए था। सभी प्रतिभागी देशों के झंडे वहां होने चाहिए थे।”

कराची स्टेडियम की तस्वीरें आईं सामने

सोशल मीडिया पर कराची स्टेडियम की नई तस्वीर सामने आई हैं। इनमें तिरंगा नजर आ रहा है। इसका क्या कारण है यह साफ नहीं है लेकिन भारतीय फैंस इससे खुश हैं। हालांकि इस बीच एक और ऐसा वीडियो सामने आया है जिससे भारतीय फैंस नाराज है। गद्दाफी स्टेडियम में तिरंगा फहराने की बात हुई तो वहां उल्टा तिरंगा फहराया गया। उसमें नीचे आने वाला हरा रंग ऊपर नजर आ रहा था। इन वीडियो की पुष्टी तो नहीं हुई है लेकिन भारतीय फैंस ने इसे लेकर भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की क्लास लगाई है।

ICC चैंपियंस ट्रॉफी के लिए कुल आठ देशों ने क्वालिफाई किया था, जिन्हें चार-चार टीमों के 2 ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश मौजूद हैं वहीं ग्रुप भी ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान है। टूर्नामेंट का सबसे हाईवोल्टेज मैच 23 फरवरी को खेला जाएगा जब दुबई में भारत और पाकिस्तान का सामना होगा।