इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के फाइनल में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर 5वीं बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। एक ही टीम के पांच बार चैंपियन बनने से भारत ही नहीं, दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसक मुंबई इंडियंस की तारीफ कर रहे हैं। इनमें कैरेबियाई लीजेंड ब्रायन लारा का नाम भी शामिल है।
लारा ने कहा, ‘दुनिया में कोई भी ऐसी फ्रैंचाइजी नहीं है जो मुंबई इंडियंस की तरह खेल सकती है। मुंबई इंडियंस जबरदस्त टीम है, अगर वह शीर्ष पर नहीं होते हैं तो वह शीर्ष के बहुत करीब होते हैं।’ टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 400 रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज ब्रायन लारा ने कहा, ‘मुझे लगता है कि दुनिया में कोई भी ऐसी फ्रैंचाइजी नहीं है जो मुंबई इंडियंस की तरह खेल सकती है। जब मैं शुरुआत से मुंबई इंडियंस की टीम के प्रदर्शन को देखता हूं तो टीम खुद ही अपनी कहानी बताती है।’
ब्रायन लारा ने कहा, ‘उनके (मुंबई) पास हर मौके के लिए खिलाड़ी हैं। जब उनके सामने दिक्कत होती है तो उनके पास सूर्यकुमार यादव हैं, ईशान किशन हैं। उनके पास कीरोन पोलार्ड, हार्दिक पंड्या जैसे बड़े हिटर हैं, जो किसी भी बॉलर की गेंदों की बखिया उधेड़ सकते हैं। फिर उनके पास जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट जैसे तेज गेंदबाज हैं, जो कभी भी मैच का रुख पलटने का माद्दा रखते हैं। मुंबई की टीम के कई खिलाड़ी काफी लंबे समय से टीम में है। यही वजह है कि मुंबई की टीम ने 5 बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है।’
बता दें कि मुंबई इंडियंस का कोई भी बल्लेबाज या गेंदबाज ऑरेंज कैप और पर्पल कैप हासिल नहीं कर पाया, लेकिन सभी खिलाड़ियों के संयुक्त प्रदर्शन से टीम ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से हराया। मुंबई के ईशान किशन सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में पांचवें नंबर पर रहे। वहीं सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में जसप्रीत बुमराह दूसरे नंबर पर रहे। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव और क्विंटन डीकॉक ऑरेंज कैप की लिस्ट में क्रमशः 7वें और छठे नंबर पर रहे।