लिटन दास की कप्तानी वाली कोमिला विक्टोरियंस ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग में जीत की हैट्रिक लगाई। शुक्रवार को दुरदंतो ढाका के खिलाफ मैच में उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। आखिर के चार ओवर्स में तौहीद हृदय की बदौलत विक्टोरियंस ने मैच का रुख अपनी ओर मोड़ लिया। रोमांचक मुकाबले में ढाका को चार विकेट से मात मिली।

कोमिला विक्टोरियंस की अच्छी नहीं थी शुरुआत

कोमिला विक्टोरियंस को 176 रनों का लक्ष्य मिला था। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 23 रन के कुल स्कोर पर उन्होंने तीन विकेट खो दिए थे। यहां से तौहीद हृदय ने ब्रूक गेस्ट के साथ अहम साझेदारी की। टीम को आखिरी चार ओवर में 40 रन की जरूरत थी।

आखिरी चार ओवर का रोमांच

16वें ओवर में टीम ने आर राइफर का विकेट खोया जो कि टीम का पांचवां विकेट था। अगले ओवर में तस्किन अहमद ने 10 रन दिए। हृद्य ने इस ओवर में एक छक्का लगाया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर जाकेर अली आउट होने से बाल-बाल बचे। 18वें ओवर में तौहीद और जाकेर ने मिलकर 15 रन जोड़े।

19वें ओवर की दूसरी गेंद पर तौहीद ने चौका जमाया और अगली गेंद पर दो रन लेकर अपना शतक पूरा किया। शतक लगाते ही तौहीद ने अगली गेंद पर छक्का जड़ दिया। इस ओवर में 14 रन आए और विक्टोरियंस जीत से सिर्फ दो रन दूर था। आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कोई रन नहीं आया। अगली गेंद पर जाकेर अली आउट हो गए। तीसरी गेंद पर केवल एक ही रन आया। चौथी गेंद पर भी कोई रन नहीं आया। पांचवीं गेंद पर आखिरकार तौहीद ने डीप मिड विकेट पर गेंद को खेला और सिंगल लेकर टीम की जीत तय की।

दुरदंतो ने बनाए थे 175 रन

इससे पहले दुरदंतो की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। 20 ओवर में उन्होंने 175 रन बनाए। ओपनर डी सिल्वा 14 रन बनाकर लौट गए। इसके बाद मोहम्मद नाइम और सैफ हसन ने दूसरे विकेट के लिए 119 रनों की साझेदारी की। नाइम 64 और सैफ रसदन 57 रन बनाकर आउट हुए।