भारत में जन्में और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन जैकमैन का शुक्रवार (25 दिसंबर) देर रात 75 साल की उम्र में निधन हो गया। मशहूर कमेंटेटर रॉबिन जैकमैन पिछले 8 साल से कैंसर से पीड़ित थे। उन्हें पहली बार 2012 में गले के कैंसर का पता चला था। उनकी वॉकल कार्ड (स्वर-तंत्री) से खतरनाक ट्यूमर हटाने के लिए दो बार ऑपरेशन भी किया गया था।
इसे भी एक संयोग ही कहेंगे कि एक दिन पहले ही इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जॉन एडरिक का निधन हुआ था। रॉबिन जैकमैन और जॉन एडरिक दोनों सरे के लिए खेलते थे। दोनों ने काफी लंबे समय तक साथ में क्रिकेट खेली थी। रॉबिन जैकमैन के निधन की जानकारी इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने ट्वीट कर दी। आईसीसी की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया है, ‘महान कमेंटेटर और इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज रॉबिन जैकमैन की मौत के बारे में जानकर हमें बहुत दुख हुआ है। उनका 75 साल की उम्र में निधन हो गया। इस मुश्किल समय में क्रिकेट जगत उनके परिवार और दोस्तों के साथ है।’ सोशल मीडिया पर भी दुनिया भर के क्रिकेट फैंस उनको श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
We are saddened to learn about the death of legendary commentator and former England bowler Robin Jackman, who has passed away aged 75.
The thoughts of the cricketing world go out to his family and friends during this difficult time. pic.twitter.com/J0fw99qoXC
— ICC (@ICC) December 25, 2020
रॉबिन जैकमैन का भारत से भी गहरा नाता था। उनका जन्म हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुआ था। जैकमैन ने इंग्लैंड के लिए चार टेस्ट और 15 एकदिवसीय मैच खेले थे। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 33 विकेट लिए थे। रॉबिन जैकमैन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मार्च 1981 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत 36 साल में हुई थी।
हालांकि, उन्होंने 16 साल तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेला। इस दौरान उन्होंने 399 मैचों में 22.80 के औसत से 1402 प्रथम श्रेणी विकेट लिए। साथ ही 5681 रन भी बनाए। क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद उन्होंने एक ब्रॉडकॉस्टर के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने कई साल तक दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट को अपनी आवाज दी।