भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने 23 नवंबर को बॉलीवुड अभिनेत्री सागरिका घाटगे के साथ शादी रचा ली है। ट्वविटर पर कुछ फोटो वायरल हो रही हैं, जिनमें जहीर-सागरिका जयमाल पहने दिख रहे हैं। ये फोटो सागरिका की दोस्त विद्या मालावड़े ने अपलोड़ की हैं। इस जोड़े ने कोर्ट मैरिज की है, जिसके बाद 27 नवंबर को मुंबई स्थित ताज महल पैलेस एंड टावर में रिसेप्शन दिया जाना है। इस पार्टी में बॉलीवुड से लेकर क्रिकेट से जुड़े नामी सितारे शामिल होंगे। शादी के दौरान सागरिका ऑरेंज कलर की साड़ी और मरून रंग की साड़ी में नजर आ रही हैं। वहीं जहीर खान कुर्ते-पजामे में नजर आ रहे हैं।

बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने अप्रैल को बॉलीवुड एक्ट्रेस सागरिका घाटगे से सगाई की थी। दोनों काफी समय से रिलेशनशिप में थे और आए दिनों उनके रोमांस की खबरें मीडिया की सुर्खियां बनती जा रही थीं। उस दौरान दिल्ली डेयरडेविल्स की कप्तानी कर रहे जहीर ने आईपीएल-10 के बीच में ही सागरिका के साथ सगाई कर सबको चौंका दिया था।

सागरिका और जहीर

सागरिका कई बड़ी फिल्मों में काम कर चुकी है। साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म चक दे इंडिया में उन्होंने महत्वपूर्ण रोल निभाया था। चक दे इंडिया में सागरिका द्वारा निभाए गए किरदार का संबंध एक क्रिकेटर के साथ दिखाया गया था। इसके बाद से सागरिका और जहीर के संबंधों की चर्चा कई सालों से मीडिया में थी।

गौरतलब है कि जहीर खान का नाम इससे पहले एक्ट्रेस ईशा शरवानी के साथ भी जुड़ा था। जहीर उनके साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे। माना जा रहा था कि जहीर खान वर्ल्ड कप-2011 के बाद ईशा से शादी करने वाले हैं, लेकिन इसी बीच अचानक ही ब्रेकअप की खबर आ गई।