टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर संदीप पाटिल आज यानी कि 18 अगस्त को अपना 63वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपनी गेंदबाजी और बल्लेबाजी से विपक्षी टीम को मुश्किल में डालने वाले पाटिल टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता के रूप में भी काम कर चुके हैं। संदीप पाटिल की कोचिंग में केन्या ने पहली बार वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला था। संदीप पाटिल थोड़े समय के लिए इंडिया के भी कोच रहे हैं। आइए इनके जन्मदिन पर जानते हैं इनके करियर से जुड़ी कुछ बातें….
संदीप पाटिल छह गेंद पर छह चौके लगा चुके हैंः संदीप पाटिल का जन्म 18 अगस्त 1956 को मुंबई में हुआ था। उन्हें क्रिकेट की कला विरासत में मिली थी। उनके पिता मधुसूदन पाटिल खुद एक पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर थे। पाटिल ने अपने डेब्यू मैच में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 64 रनों की पारी खेली थी। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब भी मिला था। इसके अलावा वो 1983 विश्वकप टीम में भी शामिल थे, जिसमें भारत ने पहली बार विश्वविजेता का खिताब अपने नाम किया था। वो एक हिटर के रूप में जाने जाते थे। उनके नाम 6 गेंदों पर 6 चौके लगाने का भी रिकॉर्ड है।पाटिल ने 29 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 4 शतक की मदद से 1588 रन बनाए। वहीं वनडे के 45 मुकाबलों में उन्होंने 1005 रन बनाए हैं। हालांकि वनडे में संदीप एक भी शतक नहीं लगा सके।
[bc_video video_id=”6073668298001″ account_id=”5798671092001″ player_id=”JZkm7IO4g3″ embed=”in-page” padding_top=”56%” autoplay=”” min_width=”0px” max_width=”640px” width=”100%” height=”100%”]
बहुआयामी प्रतिभा के धनी हैं संदीपः क्रिकेट के अलावा संदीप बैडमिंटन के भी अच्छे खिलाड़ी हैं, उन्होंने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि उन्हें क्रिकेट से ज्यादा बैडमिंटन से लगाव था। वो अपनी बहन के साथ बैडमिंटन खेला करते हैं। खेल के अलावा संदीप एक पॉप सिंगर होने के साथ वे फिल्मों में एक्टिंग भी कर चुके हैं। उन्होंने केन्या और जिम्बाब्वे टीम की कोचिंग में भी अपना योगदान दिया है।