बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए गठबंधन ने महागठबंधन को चारों खाने चित कर दिया है। वहीं बिहार के चुनावी रण में खेल जगत की भी एक धाकड़ छोरी ने कमाल कर दिया। भारत के लिए राइफल शूटिंग में कमाल करने वाली श्रेयसी सिंह ने दूसरी बार बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीत लिया है। जमुई की सीट पर उन्होंने ऐसा निशाना साधा कि राजद के प्रत्याशी मोहम्मद शमसाद आलम बुरी तरह पराजित हो गई। उन्होंने लगातार दूसरी बार यहां से जीत दर्ज की।
श्रेयसी सिंह ने 54 हजार 498 वोटों से आरडेजी के प्रत्याशी शमसाद आलम को हराया। इससे पहले 2020 विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से जीत हासिल की थी। पिछले चुनाव में उन्होंने राजद के विजय प्रकाश को 41 हजार वोटों से हराया था। श्रेयसी के राजनीतिक करियर की बात करें तो उन्होंने 2020 में ही भारतीय जनता पार्टी को ज्वॉइन किया था। उन्होंने 30 वर्ष की उम्र में राजनीति में कदम रखा था। अब 34 साल की उम्र में वह दूसरी बार बिहार विधानसभा की सदस्य बन गई हैं।
श्रेयसी सिंह के शूटिंग करियर पर नजर
श्रेयसी सिंह मेक्सिको में आयोजित हुए 2013 ट्रैप शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थीं। 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में भी उन्होंने सिंगल व जोड़ी की प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया था। सिंगल्स में छठे और जोड़ी में 5वें स्थान पर रही थीं। इसके बाद 2014 राष्ट्रमंडल खेलों के सिंगल इवेंट में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता था। फिर 2014 एशियाई खेलों में डबल ट्रैप इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल श्रेयसी ने जीता था।
फिर 2018 गोल्ड कोस्ट में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के डबल ट्रैप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। 2017 में बिहार में आयोजित हुई 61वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने बिहार का नेतृत्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा एशियाई चैंपियनशिप में 2012, 2014 और 2016 में लगातार तीन बार ट्रैप टीम इवेंट में श्रेयसी ने गोल्ड मेडल जीता था।
