इंग्लैंड को 2019 वर्ल्ड कप में चैंपियन बनाने वाले बेन स्टोक्स संन्यास से यू-टर्न लेकर 2023 वर्ल्ड कप खेलने आए। 2019 में 66.42 के औसत से उन्होंने 499 रन बनाए थे। 2023 में वह इस प्रदर्शन को दोहरा न सके। चोट की वजह से वह कुछ मैच नहीं खेल सके, लेकिन नीदरलैंड्स के खिलाफ उनका बल्ला चला। वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी इंग्लैंड की टीम साख बचाने और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में क्वालिफाई करने के लिए जोर लगा रही है। इस बीच स्टोक्स ने शतक जड़ा।
बेन स्टोक्स का यह वर्ल्ड कप में पहला शतक था। उन्हें वर्ल्ड कप में शतक लगाने के लिए 15 पारी लग गए। 2019 वर्ल्ड कप में स्टोक्स ने 11 मैच की 10 पारियों में 66.42 के औसत से 465 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक जड़ा। 89 उनका सर्वोच्च स्कोर था। नीदरलैंड्स के खिलाफ बेन स्टोक्स ने न सिर्फ तूफानी शतक जड़ा बल्कि जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी भी की। उनकी बैटिंग में धैर्य और आक्रमकता दोनों देखने को मिली।
स्टोक्स ने वोक्स के साथ मिलकर इंग्लैंड को संभाला
स्टोक्स ने जब बल्लेबाजी करने आए तब इंग्लैंड की टीम ने 21 ओवर में 2 विकेट पर 135 रन बनाए थे। जो रूट के बाद डेविड मलान तुरंत आउट हो गए। इसके बाद हैरी ब्रूक, जोस बटलर और मोईन अली आउट हो गए। इंग्लैंड का स्कोर 35.2 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन हो गया। इसके बाद स्टोक्स ने क्रिस वोक्स के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी को संभाला।
स्टोक्स ने अर्धशतक से शतक तक पहुंचने के लिए सिर्फ 20 गेंद लिए
स्टोक्स ने 58 गेंद पर अर्धशतक जड़ा। इसके बाद नीदरलैंड्स के गेंदबाजों की पिटाई शुरू की। उन्होंने 50 से 100 तक पहुंचने के लिए सिर्फ 20 गेंद लिए। उन्होंने 78 गेंद पर शतक जड़ दिया। स्टोक्स 84 गेंद पर 108 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 6 चौके और 6 छक्के लगाए।