भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हाल ही में विश्व विजेता बनते हुए दुनियाभर में अपनी छाप छोड़ दी है। इसके बाद अब एक ऑस्ट्रेलियाई महिला गेंदबाज ने भारत के लिए क्रिकेट खेलने की इच्छा जताई है। इस क्रिकेटर का नाम है अमांडा वेलिंगटन जो 2018 और 2022 में विश्व कप विजेता बनने वाली ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा थीं। अब वह जल्द भारत की बहू बनने वाली हैं और भारतीय नागरिकता मिलने के बाद उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए खेलने की इच्छा जताई है।
न्यूज 24 के साथ बातचीत करते हुए अमांडा ने बताया कि, हाल ही में उन्होंने एक पंजाबी लड़के हमराज से ताज महल में सगाई की थी। उनके अनुसार जल्द ही शादी के बाद उनके पास डबल सिटिजनशिप होगी। वह शादी के बाद ऑस्ट्रेलिया के साथ भारतीय नागरिक भी रहेंगी। इसी कारण उनका मानना है कि भविष्य में वह भारतीय टीम के लिए भी खेल सकती हैं। अमांडा ने आगे यह भी बताया कि वह किस तरह भारत से पिछले कुछ सालों से जुड़ी हुई हैं। WPL के आगामी सीजन के लिए वह ऑक्शन में रहेंगी देखना होगा कौन सी टीम उन पर दांव लगाती है।
अमांडा वेलिंगटन 2022 से ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीम से बाहर हैं। हाल ही में उन्हें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में स्टेज पर देखा गया था। उसके बाद से एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है। इसी दौरान उन्होंने इंटरव्यू दिया और भारतीय कल्चर और सभ्यता को लेकर कई बातें बताईं। अमांडा का कहना है कि वह खुद को एक भारतीय मानने लगी हैं। उन्हें भारतीय कल्चर, भारतीय खाना सबकुछ पसंद आता है। इसलिए वह खुद को ऑस्ट्रेलियाई भारतीय मानती हैं।
कैसा रहा अमांडा वेलिंगटन का करियर रिकॉर्ड?
अमांडा वेलिंगटन ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के लिए अपना डेब्यू किया था। वह इसके बाद टीम के लिए एक टेस्ट, 14 वनडे और 8 टी20 इंटरनेशनल खेल चुकी हैं। वह लेग ब्रेक गेंदबाज हैं और उन्होंने महिला वनडे में 18, टेस्ट में 2 और टी20 इंटरनेशनल में 10 विकेट अपने नाम किए हैं। वह बीबीएल में लगातार खेलती आई हैं। उन्होंने 142 मैचों में 157 विकेट महिला बिग बैश लीग में झटके हैं।
आने वाले समय में भारत की बहू बनने के बाद अगर उन्हें भारत की नागरिकता मिल जाएगी, तो देखना दिलचस्प होगा कि वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनती हैं या नहीं। वहीं अगर उन्होंने यह फैसला किया तो उन्हें बीसीसीआई टीम में मौका देती है या नहीं यह भी देखना दिलचस्प होगा। अमांडा की उम्र अभी 28 साल है और देखना होगा कि अपने करियर में कितना जल्दी वह नया सफर शुरू कर पाती हैं।
