टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस अपनी गर्लफ्रेंड और मंगेतर बेकी बोस्टन के साथ शादी के बंधन में बंध गए हैं। शादी की जानकारी खुद पैट कमिंस ने ट्विटर और इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट करते हुए फैंस के साथ साझा की। दोनो लंबे समय को एक दूसरे को डेट कर रहे थे। 2020 में दोनो की सगाई हुई थी और अब जाकर दोनों ने शादी रचाई है।
शाहरुख खान की टीम केकेआर से आईपीएल खेलने वाले पैट कमिंस ने शादी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “जस्ट मैरिड”। इंस्टाग्राम पर डेविड वॉर्नर ने शादी की तस्वीर पर कमेंट करते हुए लिखा “बधाई हो साथी”। शाहरुख की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइटराइडर्स ने भी कॉमेंट कर बधाई दी। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने भी शादीशुदा जोड़े को शुभकामनाएं दी हैं।
कमिंस की शादी में साथी खिलाड़ी और उनका नौ महीने का बेटा भी शामिल हुआ। मिशेल स्टार्क, एंड्रयू मैकडॉनल्ड्स, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। दोनो लगभग छह साल से एक दूसरे के साथ रिलेशनशिप में थे। यह जोड़ा साल 2020 में ही शादी के बंधन में बंधने वाला था पर कोरोना महामारी के चलते शादी आगे के लिए टाल दी गई।
कमिंस क्रिकेट की दुनिया में एक लोकप्रिय नाम हैं वहीं उनकी पत्नी बेकी पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं। क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की राइवलरी जगजाहिर है ये तो सभी जानते हैं। आपको बता दें बेकी बोस्टन इंग्लैंड से हैं। इन दोनो जोड़ो के बीच सिर्फ बॉर्डर का ही अंतर नहीं है बल्कि बेकी कमिंस ने उम्र में भी तीन साल बड़ी हैं।
बेकी और कमिंस की मुलाकात साल 2013 में हुई, फिर दोनो में दोस्ती हुई, प्यार हुआ और अब जाकर दोनो ने शादी कर ली है। 6 साल तक डेट करने के बाद 2020 में कमिंस ने बेकी को शादी के लिए प्रपोज किया। कोविड महामारी के चलते शादी नहीं हो पाई। वहीं पिछले साल अक्टूबर में कमिंस पिता बने, 8 अक्टूबर को बेकी ने बेटे को जन्म दिया जिसका नाम एल्बी रखा है। अब बेटे के जन्म के नौ महीने बाद कमिंस ने शादी कर ली हैं।
पैट कमिंस को पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था। सेक्सटिंग विवाद की वजह से टिम पेन को कप्तानी से हाथ धोना पड़ा। बता दें, कमिंस ने 2011 में 18 साल की छोटी सी उम्र में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। टीम के लिए पैट कमिंस हमेशा बेहतरीन प्रदर्शन करते आएं हैं। 2019 में उन्हें एलन बॉर्डर मेडल से सम्मानित किया गया। वह टेस्ट क्रिकेट के नंबर 1 गेंदबाज हैं वहीं ऑलराउंडर की रैंकिंग में वह सातवें पायदान पर हैं।