Shane Warne Dies: ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज क्रिकेटर और महान लेग स्पिनर शेन वॉर्न का 52 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार थाईलैंड में उनकी मौत हुई है। बताया जा रहा है कि वॉर्न का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
निधन के कुछ घंटे पहले ही वॉर्न ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज रोडनी मार्श के निधन पर शोक जताया था। उन्होंने लिखा था- “मार्श के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। वह हमारे लीजेंड थे और कई युवा लड़कों और लड़कियों के लिए प्रेरणा थे। मार्श ने क्रिकेट को बहुत कुछ दिया-खासकर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों को”।
इस ट्वीट के कुछ घंटों बाद ही शेन वॉर्न का निधन हो गया। शेन वॉर्न के निधन पर खेल जगत की हस्तियां काफी हैरान हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा है कि उन्हें इस खबर पर अभी तक विश्वास नहीं हो रहा है।
पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी दुख जताते हुए कहा- “यह विश्वास नहीं कर सकता। महान स्पिनरों में से एक, स्पिन को कूल बनाने वाले सुपरस्टार शेन वॉर्न नहीं रहे। जीवन बहुत नाजुक है, लेकिन इसे थाह पाना बहुत मुश्किल है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं”।
इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कैप्टन रोहित शर्मा ने भी वॉर्न के निधन पर ट्वीट करके शोक जताया है। उन्होंने लिखा- “वास्तव में मेरे पास शब्द नहीं है, यह अत्यंत दुखद है। हमारे खेल के एक दिग्गज और चैंपियन हमें छोड़कर चले गए। RIP शेन वार्न….अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है”।
वॉर्न को अब तक का सबसे महान लेग स्पिनर माना जाता रहा है। इन्होंने टेस्ट मैच में 708 विकेट लिए हैं। इसके अलावा एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 293 विकेट भी लिए हैं। वॉर्न ने 1992 से 2007 के बीच 145 टेस्ट और 194 एकदिवसीय मैच खेले थे। अपने अंतरराष्ट्रीय कैरियर के दौरान उन्होंने कुल 1001 विकेट लिए हैं। वॉर्न आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेले थे।