ऑस्ट्रेलिया ने तीन वनडे की सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड को 19 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया के मैच के हीरो साबित हुए जोस हेडलवुड। उन्होंने 10 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। हेडलवुड के अलावा ग्लेन मैक्सवेल, मिशेल मार्श और एडम जम्पा ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई मैक्सवेल ने मुश्किल समय में 59 गेंद पर 77 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इंग्लैंड के लिए सैम बिलिंग्स ने शतक लगाया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। यह उनके करियर का पहला शतक था।
मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उसके गेंदबाजों ने इस फैसले को सही भी साबित किया। ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम 123 रनों पर पवेलियन लौट चुकी थी। जोफ्रा आर्चर ने डेविड वॉर्नर को 6 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया। इसके मार्क वुड ने एरॉन फिंच को पवेलियन का रास्ता दिखाया। कप्तान फिंच 16 रन ही बना सके। मार्कस स्टोनिस 34 गेंद पर 43 रन बनाकर मार्क वुड का शिकार बने। इसके बाद आदिल रशीद ने मार्नश लबुशेन (21) और एलेक्स कैरी (10) को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। यहां से मैक्सवेल और मार्श ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की। मार्श ने 100 गेंद पर 73 रन बनाए। मिशेल स्टार्क ने आखिरी ओवरों में तेजी से 12 गेंद पर 19 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 9 विकेट 294 रन बना दिए। इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर और मार्क वुड ने 3-3 विकेट लिए। आदिल रशीद को 2 और क्रिस वोक्स को 1 सफलता मिली। 295 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जेसन रॉय 3 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद हेडलवुड ने जो रूट को एक रन के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। इयॉन मॉर्गन 23 और जोस बटलर एक रन बनाकर आउट हुए। 4 विकेट गिर जाने के बाद जॉनी बेयरस्टो और सैम बिलिंग्स ने पारी को संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की। बेयरस्टो 107 गेंद पर 84 रन बनाकर आउट हुए।
बेयरस्टो के आउट होने के बाद किसी भी बल्लेबाज ने बिलिंग्स का साथ नहीं दिया। बिलिंग्स पारी की आखिरी गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 110 गेंद पर 118 रन बनाए। इस दौरान 14 चौके और दो छक्के लगाए। क्रिस वोक्स ने 10, मोइन अली ने 6, आदिल रशीद ने 5 और जोफ्रा आर्चर ने नाबाद 8 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जम्पा ने 4, हेजलवुड ने 3, पैट कमिंस और मिशेल मार्श ने 1-1 विकेट लिए। दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मैनचेस्टर में ही रविवार (13 सितंबर) को खेला जाएगा।