न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम के तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल का बल्ला नहीं चला और वह 4 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 6 रन बनाकर आउट हो गए। इस एक छक्के की मदद से मैक्सवेल अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर पहुंच गए और अपने पूर्व साथी खिलाड़ी एरोन फिंच का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
मैक्सवेल ने तोड़ा फिंच का रिकॉर्ड
ग्लेन मैक्सवेल ने कीवी टीम के खिलाफ एक छक्के की मदद से 6 रन बनाए और इस एक छक्के के दम पर उन्होंने इतिहास रच दिया। मैक्सवेल अब क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड एरोन फिंच के नाम पर दर्ज था, लेकिन मैक्सवेल ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। फिंच ने 103 मैचों में 125 छक्के गाए थे, लेकिन अब मैक्सवेल ने 105 मैचों में 126 छक्के लगाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया।
वहीं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ओवरऑल मैक्सवेल सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए जहां पहले एरोन फिंच थे। अब फिंच चौथे नंबर पर खिसक गए और मैक्सवेल तीसरे नंबर पर आ गए। टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं जबकि दूसरे नंबर पर मार्टिन गप्टिल हैं। रोहित शर्मा ने अब तक 190 छक्के लगाए हैं जबकि गप्टिल ने 173 छक्के जड़े थे।
टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
रोहित शर्मा- 190 छक्के
मार्टिन गप्टिल- 173 छक्के
ग्लेन मैक्सवेल- 126 छक्के
एरोन फिंच- 125 छक्के
क्रिस गेल 124 छक्के
आपको बता दें कि दूसरे टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेविड वॉर्नर को आराम दिया गया और उनकी जगह स्टीव स्मिथ ने ट्रेविस हेड के साथ पारी की शुरुआत की थी। स्मिथ ने इस मैच में 7 गेंदों पर एक छक्का और एक चौके की मदद से 11 रन बनाए जबकि हेड ने 45 रन की पारी खेली। कप्तान मिचेल मार्श ने इस मैच में 26 रन की पारी खेली।