Asian Games Updates, Day 4: भारतीय निशानेबाजों ने बुधवार को हांगझू में 19वें एशियाई खेलों की शूटिंग रेंज में दबदबा बनाते हुए दो स्वर्ण समेत सात पदक अपने नाम किए। भारतीय पाल नौकायन खिलाड़ी विष्णु सरवनन ने पुरुषों की डिंगी आईएलसीए 7 स्पर्धा में देश को पहला कांस्य पदक दिलाया। प्रतिभाशाली वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने कम से कम रजत पदक पक्का कर दिया। एशियाई खेलों में 5वें दिन से जुड़े अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें।

इस तरह 19वें एशियाई खेलों के चौथे दिन तक भारत के पांच स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य पदक के साथ कुल 22 मेडल हो गए हैं। निशानेबाजों ने अब तक तीन स्वर्ण समेत 12 पदक जीते हैं। देश 2018 खेलों में अपने निशानेबाजी प्रदर्शन में सुधार कर चुका है जहां उसने नौ पदक जीते थे। रोशिबिना ने वियतनाम की थि थु एनगुएन को 2-0 से हराकर 60 किग्रा के फाइनल में प्रवेश किया। इससे कम से कम रजत पदक पक्का हो गया।

टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा ले चुके विष्णु सरवनन ने 11 रेस की स्पर्धा में 34 नेट स्कोर बनाया जिससे वह पुरुषों की डिंगी आईएलसीए 7 स्पर्धा में एक अंक से रजत पदक से चूक गए। पाल नौकायन में इस तरह भारत को एक रजत और दो कांस्य पदक मिल गए हैं। नेहा ठाकुर ने मंगलवार को रजत और इबाद अली ने कांस्य पदक जीता था।

भारतीय पाल नौकायन खिलाड़ियों ने 2018 में जकार्ता खेलों में भी एक रजत और दो कांस्य जीते थे। हवा का बहाव कम रहने के कारण भारत महिलाओं के एकल डिंगी आईएलसीए 6 में पदक नहीं जीत सका और नेत्रा कुमानन को चौथे स्थान से ही संतोष करना पड़ा।

महिला वुशु स्पर्धा में रोशिबिना ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को कोई मौका नहीं दिया। अब वह 28 सितंबर को स्वर्ण पदक के मैच में चीन की वु जियावेई से भिड़ेंगी। यह रोशिबिना की ऐतिहासिक उपलब्धि है। वह संध्यारानी देवी के बाद वुशु स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी भारतीय हैं। संध्यारानी ने 2010 ग्वांग्झू एशियाड में यह उपलब्धि हासिल की थी।

रामकुमार रामनाथन और साकेत मयनेनी की जोड़ी ने पुरुष युगल के सेमीफाइनल में जगह बनाकर टेनिस स्पर्धा में भारत का एक पदक पक्का किया लेकिन एकल खिलाड़ी सुमित नागल और अंकिता रैना को क्वार्टर फाइनल में हारने के कारण खाली हाथ लौटना पड़ेगा।

भारत के हृदय विपुल छेड़ा, अनुष अग्रवाल और दिव्यकृति सिंह ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए घुड़सवारी स्पर्धा के व्यक्तिगत ड्रेसेज फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। वे अभी पदक की दौड़ में बने हैं। हृदय, अनुष, दिव्यकृति और सुदिप्ती ने मंगलवार को ऐतिहासिक टीम ड्रेसेज स्वर्ण पदक जीता था।

मुक्केबाजी में दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन (50 किग्रा) ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि भारत के अनुभवी मुक्केबाज शिव थापा (63.5 किग्रा) और संजीत (92 किग्रा) प्रतियोगिता से बाहर हो गए। निकहत ने महिला स्पर्धा के दूसरे दौर में दक्षिण कोरिया की चोरोंग बाक पर 5-0 से आसान जीत हासिल की। रिकॉर्ड छह बार एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले शिव आसान ड्रॉ का फायदा नहीं उठा पाए और प्री क्वार्टर फाइनल में किर्गिस्तान के अस्कत कुलताएव से 0-5 से हार गए। संजीत को विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लाजिजबेक मुलोजोनोव से 0-5 से हार मिली।

भारतीय शतरंज खिलाड़ियों से व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने की उम्मीदें लगी हुई थीं लेकिन वे ऐसा करने में नाकाम रहे। ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती (5.5 अंक) और अर्जुन एरिगैसी (5.5) पुरुष वर्ग में क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहे, जबकि महिला वर्ग में पूर्व कांस्य पदक विजेता डी हरिका (6 अंक) चौथे और 2006 की चैंपियन कोनेरू हम्पी सातवें स्थान पर रहीं।

युवा स्ट्राइकर संगीता कुमारी की हैट्रिक समेत अपने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल ए के अपने पहले मैच में सिंगापुर को 13-0 से रौंद दिया। भारत ने पहले दो क्वार्टर में आठ और आखिरी दो क्वार्टर में पांच गोल किए। विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज भारत का सामना पूल ए के मैच में 34वीं रैंकिंग वाली टीम से था। टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रही भारतीय टीम के लिए संगीता (23वां, 53वां, 47वां मिनट) ने तीन गोल किए, जबकि नवनीत कौर ने 14वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। दीपिका (11वां), सुशीला चानू (आठवां), उदिता (छठा), नेहा (19वां), दीप ग्रेस इक्का (17वां), सलीमा टेटे (35वां), वंदना कटारिया (56वां) और मोनिका (52वां) ने गोल दागे।

भारतीय स्क्वाश खिलाड़ियों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पुरुष और महिला वर्ग में आसान जीत दर्ज की। महिला टीम ने नेपाल को हराया जबकि पुरुष टीम ने कुवैत को मात दी। दोनों टीमों ने 3-0 के अंतर से मुकाबला जीता।

भारतीय महिला तलवारबाजी टीम एशियाई खेलों में एपी वर्ग में जुझारू प्रदर्शन के बावजूद क्वार्टर फाइनल में हार गई, जबकि पुरुष टीम फॉइल वर्ग में अंतिम 16 में सिंगापुर से 30-45 से हारकर बाहर हो गई। शिवांश त्यागी और मारग्रेट मारिया रेगी की हार के साथ ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारतीय अभियान खत्म हो गया। भारत के वुशू खिलाड़ी रोहित जाधव पुरुषों के डाओशू फाइनल में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहे ।

एशियाई गेम्स के चौथे दिन की शुरुआत सिल्वर मेडल के साथ हुई। थ्री पॉजिशन राइफल में महिला टीम ने सिल्वर मेडल जीता। वहीं इसके बाद 25 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम इवेंट में भी मनु भाकर, ईशा सिंह और रिदम सांगवान की तिकड़ी ने गोल्ड पर निशाना साधा। थ्री पॉजिशन के राइफल व्यक्तिगत इवेंट में भी भारत ने दो मेडल हासिल किए। सिफ्त कौर सामरा ने गोल्ड और आशी चौकसी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए। भारत ने मंगलवार को तीन मेडल अपने नाम किए थे। घुड़सवारी में भारत को ऐतिहासिक मेडल हासिल हुआ था वहीं सेलिंग में उसे दो ब्रॉन्ज मेडल मिले। Asian Games 2023 Live Streaming की पूरी डिटेल्स ; Asian Games 2023: पढ़ें भारत का Day To Day शेड्यूल ; Asian Games 2023: देखें खेल और भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट

Live Updates

Asian Games 2023 Live: भारत ने 19वें एशियाई खेलों में तीसरे दिन तक 14 मेडल जीत लिए थे

18:41 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: निकहत जरीन क्वार्टर फाइनल में पहुंची

साउथ कोरिया की बाक चोरोंग को आगे आने की अनुमति देने के बाद निकहत जरीन ने अपनी ज्यादा ऊर्जा खर्च न करते हुए आसानी से तीसरा राउंड जीत लिया। टूर्नामेंट में लंबे समय तक बने रहने के लिए अच्छी रणनीति है। निकहत जरीन ने बाक चोरोंग सर्वसम्मति से 5-0 से मैच अपने नाम किया और क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं।

18:35 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: महिला में वुशू में भी पदक तय, रोशिबिना देवी ने अपग्रेड किया अपना मेडल

वुशू महिला 60 किग्रा: फाइनल में! रोशिबिना देवी नाओरेम अपने इवेंट के फाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में जीते अपने कांस्य पदक को अपग्रेड किया है। स्वर्ण पदक प्रतियोगिता गुरुवार 28 सितंबर 2023 को है।

18:32 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: टेनिस में पदक पक्का

टेनिस में भारत का पदक पक्का हो गया है। पुरुष युगल में भारत के रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी ने चीन के यिबिंग वू और झांग झिझेन को 6-1, 7-6 से हराकर पोडियम पर जगह पक्की कर ली। भारत के लिए इन खेलों से पहला टेनिस पदक पक्का हुआ।

16:52 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: टेबल टेनिस – साथियान और मनिका राउंड ऑफ 16 में

जी साथियान और मनिका बत्रा की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। साथियान और मनिका ने पहले मैच में थाईलैंड की जोड़ी को 3-1 (10-12, 11-8,11-3,11-8) से मात दी।

16:50 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: टेनिस – सिंगल इवेंट्स में खाली हाथ रहा भारत

भारत के एकल टेनिस खिलाड़ी 2006 के बाद पहली बार एशियाई खेलों से खाली हाथ लौटेंगे चूंकि सुमित नागल और पिछली बार की कांस्य पदक विजेता अंकिता रैना बुधवार को क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए

16:06 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: मुक्केबाजी – संजीत भी हारे पहला ही मुकाबला

भारतीय मुक्केबाज संजीत को विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता लाजिजबेक मुलोजोनोव से 0-5 से हार मिली। संजीत के पास 2022 सुपर हेवीवेट एशियाई चैम्पियन के मुक्कों से बचने का कोई रास्ता नहीं था जिससे वह रक्षात्मक होकर खेले। एक बार वह मुलोजोनोव के मुक्के से संतुलन खो बैठे। दोनों मुक्केबाजों के बीच अंतर साफ दिख रहा था।

15:42 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: ब्रिज – (पुरुष टीम) – भारत की जीत

भारत ने फिलीपींस को 18.04-1.96 से हराया। इसके बाद सिंगापुर के खिलाफ 10.97-9.03 से जीत दर्ज की।

15:40 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: घुड़सवारी – ड्रेसेज

ड्रेसेज के इंडीविजुअल इवेंट में आज का खेल खत्म हो गया है। फिलहाल भारत के हृद्य छेड़ा 73.883 का स्कोर हासिल करके टॉप पर रहैं। वहीं 71.706 के स्कोर के साथ अनुश अग्रवाल चौथे और दिव्यकृति सिंह 67.676 के स्कोर के साथ 11वें नंबर पर हैं।

15:31 (IST) 27 Sep 2023
टेनिस (महिला सिंगल्स) – अंकिता रैना मेडल की रेस हुई बाहर

महिला सिंगल्स में भारतीय चुनौती खत्म हो गई। अंकिता रैना को जापान की हारूका खाजी के खिलाफ हार मिली। पहला सेट आसानी से जीतने के बाद वह अगले दोनों सेट हार गईं।

15:29 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: ब्रिज (महिला टीम) – भारत पहला मैच हारा

भारत की महिला टीम ब्रिज का ओपनिंग राउंड हार गई। थाईलैंड के खिलाफ 7.84-12.16 से उन्हें हार मिली। हालांकि इसके बाद उन्होंने 11.87-8.13 से जीत हसिल की।

15:05 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: स्क्वाश (महिला टीम) – तनवी खन्ना ने जीता पहला मुकाबला

स्क्वाश महिला टीम इवेंट में भारत का सामना चीन मकाउ से है। तनवी खन्ना ने ओपनिंग मैच में येंग ची वेंग को 11-8 5-11 11-9 11-7 से हराकर 1-0 की लीड भारत को दिलाई।

14:51 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: टेनिस – सुमित नागल को मिली हार

सुमित नगल पुरुष सिंगल्स में बाहर हो गए। उन्हें क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वर्ल्ड नंबर 60 जैंग जिजेन से हार मिली। नागल को 7-6 (3) 1-6 3-6 से मात मिली और उनका पोडियम तक जाने का सफर खत्म हो गया।

14:41 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: टेबल टेनिस – मानव ठक्कर और मानुष शाह को पहले राउंड में मिली जीत

टेबल टेनिस के पुरुष डबल्स में मानव ठक्कर और मानुष शाह को राउंड ऑफ 64 कड़ी मेहनत के बाद जीत मिली। उनका सामना थाईलैंड की जोड़ी से था। पांच सेट तक चले इस मुकाबले में भारतीय जोड़ी 11-8, 8-11, 11-6, 7-11, 12-10. से जीती।

14:17 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: निशानेबाजी में भारत का एक और पदक, अनंतजीत सिंह के हिस्से आया सिल्वर मेडल

शूटिंग, स्कीट पुरुष फाइनल: पदक अलर्ट! यह अनंतजीत सिंह नरुका के लिए चांदी है! क्या शानदार पुरुष स्कीट फाइनल है। भारतीय ने 60 में से 58 अंक हासिल किए। उनसे बेहतर प्रदर्शन केवल 60 साल के कुवैत के अल रशीदी ने किया। उन्होंने 60 में से 60 अंक हासिल किए। अल रशीदी अपने कोच और साथियों से घिरे हुए हैं।

13:48 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: बॉक्सिंग – शिव थापा पहले राउंड में हारे

भारत के दिग्गज बॉक्सर शिव थापा पहले ही राउंड में बाहर हो गए हैं। उन्हें अकत कुलेव ने 5:0 से हराया। शिव थापा बैकफुट पर होकर खेल रहे थे। यह भारत का बॉक्सिंग के पहले राउंड में दूसरी हार है।

13:20 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: 3×3 बास्केटबॉल – भारत ने मकाओ को दी मात

भारत की 3×3 बास्केटबॉल टीम ने मकाओ को 21-12 से हराकर आसान जीत हासिल की। आपको बता दें इस इवेंट में भारत की अंडर-23 टीम हिस्सा ले रही है।

12:51 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live – टेनिस – अंकिता रैना और सुमित नागल एक्शन में

सुमित नागल पुरुष सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में चीन के जैंग जिजेन का सामना कर रहे हैं। वहीं अंकिता रैना जापान की हारुका काजी के खिलाफ कोर्ट पर उतरी है.

12:40 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: शूटिंग – भारत को मिला सिल्वर मेडल

भारत की इशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल महिला इंडीविजुअल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने इस दौरान वर्ल्ड चैंपियन खिलाड़ी चीन की फेंस सिक्सुअल को हराया। हालांकि मनु भाकर ने फिर निराश किया।

12:32 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: शूटिंग – 25 मीटर पिस्टल से बाहर हुईं मनु भाकर

मनु भाकर ने 25 मीटर पिस्टल के व्यक्तिगत इवेंट में पांचवें स्थान पर रही। उन्होंने पहले ही सीरीज में पांच में से चार टारगेट मिस किए थे जिसके बाद वह दबाव में प्रदर्शन नहीं कर पाई।

12:02 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: हॉकी – भारत की सिंगापुर पर 13-0 की बड़ी जीत

भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 13-0 से हराया। टीम इंडिया के लिए संगीता ने हैट्रिक लगाई। कुल मिलाकर 10 खिलाड़ियों ने इस मैच में गोल किए। भारत ने पहले क्वार्टर में पांच, दूसरे में तीन, तीसरे में एक और चौथे में चार गोल दागे

12:01 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: फेंसिंग – भारती महिला एपे टीम की जीत

भारतीय एपे महिला टीम ने जॉर्डन के खिलाफ 45-36 से मात दी। अब वह क्वार्टर फाइनल में साउथ कोरिया का सामना करेगी। एपे टीम में तनिष्का खत्री, ज्योतिका दत्ता और ऐना अरोड़ा शामिल हैं।

11:03 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: सेलिंग – विष्णु सरवानन ने जीता ब्रॉन्ज

भारतीय सेलर विष्णु सरवानन ने डिंगी ILCA 7 में 34 नेट पॉइंट्स हासिल करके ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। यह सेलिंग में भारत का तीसरा मेडल है। यह आज की तारीख में भारत का छठा मेडल है।

10:58 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: हॉकी (महिला) – हाफ टाइम तक भारत 8-0 से आगे

भारतीय हॉकी टीम ने सिंगापुर पर अपना दबदबा बना लिया है। वह पहले हाफ में 8-0 की लीड हासिल कर चुकी है। टीम इंडिया की नजर आज बड़ी जीत पर होगी।

10:56 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: निशानेबाजी में भारत को एक और पदक

एशियाई खेलों में पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता। भारतीय टीम गुरजोत सिंह और अनंतजीत सिंह और अंगदवीर शामिल थे। तीनों ने कुल 355 का स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। मेजबान चीन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने रजत पदक जीता। हालांकि, भारतीय महिला टीम कजाकिस्तान, चीन और थाइलैंड के बाद चौथे स्थान पर रहकर शॉटगन स्कीट स्पर्धा से बाहर हो गई।

10:39 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games Live Updates: भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का कूल अंदाज

10:36 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: भारत की मेडल संख्या

भारत की पदक तालिका-

गोल्ड: 5

सिल्वर: 5

ब्रॉन्ज: 7

10:35 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: हॉकी (महिला) – भारत ने सिंगापुर पर बनाई 3-0 की लीड

भारतीय महिला हॉकी टीम सिंगापुर का सामना कर रही है और पहले ही क्वार्टर में 3-0 की लीड हासिल कर चुकी है। भारत के लिए दीपिका , सुशीला चानू और उदिता ने गोल किए हैं।

10:24 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: शूटिंग – 3P राइफल में भारत का गोल्ड

भारत के लिए सिफ्त सामरा ने थ्री पॉजिशन राइफल में 448.6 अंकों के साथ वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया और गोल्ड मेडल जीता। इसी इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल आशी चौकसी के नाम रहा जिन्होंने 441.9 अंक लिए। एक ही इवेंट में भारत के नाम दो मेडल।

10:09 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: स्क्वाश – पुरुष टीम ने कुवैत को दी मात

भारतीय पुरुष स्क्वाश टीम ने कुवैत के खिलाफ 2-0 से जीत हासिल की। महेश मागोनकर ने पहले मुकाबले में फलाह मोहम्मद को 11-7,11-1,11-2 से हराया। वहीं इसके बाद अगले मुकाबले में कुवैत के खिलाड़ी अभय सिंह को वॉकओवर दिया। सौरव घोषाल ने अबदुल्ला अलमेजायेन को 5-11 13-15 11-6 से मात दी।

09:51 (IST) 27 Sep 2023
Asian Games 2023 Day 4 Live: शूटिंग – लीड में है सिफ्त सामरा

50 मीटर राइफल 3p फाइनल का नीलिंग राउंड खत्म हो चुका है। भारत की सिफ्त सामरा 154.6 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं आशी चौकसी 152.5 अंकों के साथ छठे नंबर पर हैं।

भारतीय निशानेबाजों की नजर एक बार फिर गोल्ड पर होगी। स्कीट 50 मीटर पुरुष और महिला इवेंट में भारत गोल्ड के लिए दावेदारी पेश करेंगी। महिला थ्री पॉजिशन टीम इवेंट में भारत मेडल का दावेदार होगा। इसके अलावा वुशु में रोहित यादव भी गोल्ड मेडल मैच में उतरेंगी। स्क्वाश में महिला और पुरुष टीमें पूल ए के मुकाबलों में उतरेंगी। भारतीय महिला हॉकी टीम सिंगापुर के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारत के दिग्गज बॉक्सर शिव थापा भी एक्शन में होंगे।