Asian Games 2023, Indian Women’s Hockey Team: भारतीय महिला हॉकी टीम प्रगति पर है। जब से उसने 2021 टोक्यो ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिलाओं ने मैदान पर अपनी स्पीड और स्किल से हर प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ा और सभी उम्मीदों से परे चौथे स्थान पर रहीं। तबसे टीम और मजबूत हुई है। टीम ने पिछले साल एशिया कप और राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीते। प्रो लीग में तीसरे स्थान पर रही। एफआईएच नेशंस कप के प्रथम संस्करण में शानदार प्रदर्शन किया और एक भी गेम गंवाए बिना चैंपियन बनी।

यह एक ऐसी टीम है जो अभी शुरुआत कर रही है। यह एक ऐसी टीम भी है जिसमें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ युवा और अनुभवी खिलाड़ी हैं। उदाहरण के तौर पर दिग्गज वंदना कटारिया और कप्तान-गोलकीपर सविता 30 साल से ज्यादा उम्र की होने के बावजूद शानदार फॉर्म में हैं। 27 साल की गुरजीत कौर भी अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रही हैं।

दूसरी ओर लालरेमसियामी, सलीमा टेटे और अक्षता देखले जैसी विस्फोटक युवा प्रतिभाएं जो विश्व मंच पर तेजी से खुद को बड़ा साबित कर रही हैं। बिचू देवी खारीबाम भी दूसरी श्रेणी में आती हैं। मणिपुर की 21 साल की इस गोलकीपर ने पिछले साल सीनियर वर्ग में पदार्पण किया था। बिचू देवी खारीबाम उस टीम का हिस्सा थीं जिसने 2018 में युवा ओलंपिक में रजत पदक जीता था।

1998 से 2014 तक फाइनल में जगह नहीं बना पाईं थीं भारतीय महिलाएं

निश्चित रूप से एशियाई खेलों के लिए जा रही है भारतीय महिला हॉकी टीम का लक्ष्य स्वर्ण पदक से कम कुछ भी नहीं है। यह कोई काल्पनिक सोच नहीं है। भारतीय महिला हॉकी ने आखिरी बार 1982 में ऐसा किया था। साल 1986 में उसने ब्रॉन्ज मेडल जीता।

साल 1990 और 1994 में उसे चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा था। हालांकि, अगले संस्करण (1998) में उसने वापसी की और साउथ कोरिया के खिलाफ फाइनल खेला। तब साउथ कोरिया ने उसे 2-1 से हरा दिया था। इसके बाद उसके प्रदर्शन में गिरावट जारी रही और वह 2014 इंचियोन एशियाई खेल तक फाइनल में जगह नहीं बना पाई।

भारतीय महिला हॉकी टीम 2002 एशियाई खेल में चौथे, 2006 में तीसरे (कांस्य पदक), 2010 में चौथे और 2014 में तीसरे (कांस्य पदक) स्थान पर रही। 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल खेला, लेकिन तब जापान ने उसे 2-1 से हरा दिया।

मौजूदा समय में भारतीय महिला हॉकी टीम दुनिया में छठे स्थान पर है। यह किसी भी एशियाई टीम के लिए सर्वोच्च रैंकिंग है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने से वह अगले साल पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर जाएगी।

ये है भारतीय महिला हॉकी टीम की पूरी टीम

सविता (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम, दीपिका, लालरेमसियामी, मोनिका, नवनीत कौर, नेहा, निशा, सोनिका, उदिता, इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान), वंदना कटारिया, संगीता कुमारी, वैष्णवी विट्टल फाल्के, निक्की प्रधान , सुशीला चानू, सलीमा टेटे। भारतीय महिला हॉकी टीम के मैच 27, 29 सितंबर, 01 और 03 अक्टूबर, 2023 को खेले जाने हैं।