हांगझू एशियन गेम्स 2023 में रविवार, 24 सितंबर 2023 को भारत की मेंस हॉकी टीम ने उजबेकिस्तान को 16-0 से रौंदकर शानदार शुरुआत की। भारत के 3 खिलाड़ियों ने हैट्रिक गोल किए। ललित उपाध्याय, वरूण कुमार और मनदीप सिंह ने हैट्रिक लगाया। भारत के लिए कुल 8 खिलाड़ियों ने गोल किए। ललित ने सबसे ज्यादा गोल किए। वहीं मनदीप ने हैट्रिक के साथ बड़ी उपलब्धि हासिल की। इंटरनेशनल हॉकी में उनके 100 गोल पूरे हो गए।
भारत के लिए ललित उपाध्याय (7′, 24′ 37′, 53′), वरुण कुमार (12′, 36′, 50′, 51′), अभिषेक (17′), मनदीप सिंह (18′, 27′, 28 ‘) अमित रोहिदास (38′), सुखजीत (42′), शमशेर सिंह (43′) और संजय (57’) गोल किए। तीन बार का एशियन गेम्स चैंपियन भारत इस जीत के साथ पूल ए में टॉप पर पहुंच गया। दोनों पूल की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
भारत शुरू से ही आक्रामक रहा
एफआईएच रैंकिंग में तीसरे रैंक पर मौजूद भारत की पुरुष हॉकी टीम पिछले महीने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर हांगझू खेलों में आई है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अनुपस्थिति में भी भारत शुरू से ही आक्रामक रहा और दुनिया की 66वें नंबर की टीम उज्बेकिस्तान कभी मुकाबले में ही नहीं दिखी। मैच शुरू होने के सात मिनट बाद ललित उपाध्याय ने पेनल्टी कॉर्नर पर उज्बेकिस्तान की रक्षापंक्ति में सेंध लगाकर भारत का स्कोर 1-0 कर दिया।
एशियन गेम्स से जुड़े पल पल के अपडेट्स पढ़ने के लिए क्लिक करें
भारत ने बरसाए दनादन गोल
कुछ मिनट बाद वरुण कुमार ने एक और पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके भारत की बढ़त 2-0 कर दी। पहला क्वार्टर भारत के पक्ष में 2-0 से रहा। भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी खेल पर दबदबा बनाए रखा और अभिषेक और मनदीप सिंह ने एक के बाद एक दो फील्ड गोल किए। इसके बाद ललित उपाध्याय ने अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल किया।
भारत का अगला मैच सिंगापुर से
मनदीप सिंह ने दो मिनट में दो बार गोल करके अपनी हैट्रिक लगाई, जिससे भारत ने हाफ टाइम तक 7-0 की मजबूत बढ़त ले ली। ब्रेक के बाद भारत ने अपना आक्रामक स्वभाव नहीं छोड़ा और नौ गोल और किए। टीम ने 16-0 से जीत हासिल की। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अगले मैच में मंगलवार को सिंगापुर से खेलेगी। एशियाई खेल 2023 में पुरुषों का हॉकी टूर्नामेंट भी ओलंपिक क्वालिफायर है। चैंपियन टीम पेरिस 2024 का टिकट कटाएगी।