कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह की हैट्रिक के दम पर खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय टीम ने एशियन गेम्स की मेंस हॉकी इवेंट में मंगलवार को सिंगापुर को 16-1 से हराया। टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत ने उजबेकिस्तान को 16-0 से मात दी थी। टीम दो मैच में 32 गोल कर चुकी है। टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और दुनिया की तीसरे नंबर की टीम भारत के लिये यह एक बार फिर आसान मुकाबला था। सिंगापुर विश्व रैंकिंग में 49वें स्थान पर है।
भारत को अब पूल ए के अगले लीग मैच में 28 सितंबर को गत चैम्पियन जापान से खेलना है। इस मैच में उसकी कड़ी परीक्षा होगी। सिंगापुर के खिलाफ भारत के लिये हरमनप्रीत ने 4 (24वां, 39वां, 40वां, 42वां मिनट), मनदीप ने 3 (12वां, 30वां और 51वां), वरूण कुमार ने 2 (55वें मिनट में), अभिषेक ने 2 (51वां और 52वां) वी एस प्रसाद (23वां), गुरजंत सिंह (22वां) , ललित उपाध्याय (16वां), शमशेर सिंह (38वां) और मनप्रीत सिंह (37वां) ने गोल दागे।
पढ़ें एशियन गेम्स 2023 के तीसरे दिन से जुड़े अपडेट्स
पूरा खेल सिंगापुर के सर्कल में हुआ
सिंगापुर के लिये एकमात्र गोल मोहम्मद जकी बिन जुल्करनैन ने 53वें मिनट में किया। भारत ने धीमी शुरूआत की, लेकिन गेंद पर नियंत्रण में बाजी मारी। पूरा खेल सिंगापुर के सर्कल में हुआ और भारतीय गोलकीपर एक बार फिर मूक दर्शक बने रहे। भारत को छठे मिनट में गोल करने का मौका मिला, लेकिन सुखजीत सिंह के शॉट को सिंगापुर के गोलकीपर सैंड्रान गुगान ने बचा लिया। भारत को अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह की फ्लिक बेकार गई।
पहले क्वार्टर में भारत को 5 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन गोल नहीं हुआ
दो मिनट बाद मनदीप ने दूसरा पेनल्टी कॉर्नर बनाया, लेकिन सिंगापुर के गोलकीपर ने शानदार बचाव किया। आखिरकार 12वें मिनट में गुरजंत के पास पर मनदीप ने गोल करके खाता खोला। पहले क्वार्टर के आखिरी दो मिनट में भारत को मिले दो पेनल्टी कॉर्नर बेकार गए। पहले क्वार्टर में भारत को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका। भारत ने दूसरे क्वार्टर में बेहतर खेलते हुए दनादन पांच गोल मारे। दूसरे क्वार्टर की शुरूआत में ललित ने भारत की बढत दुगुनी कर दी।
21वें मिनट में गुरजंत ने तीसरा गोल किया
वहीं 21वें मिनट में गुरजंत ने तीसरा गोल किया, जिन्हें मनदीप ने पास दिया था। विवेक सागर प्रसाद ने एक मिनट बाद भारत का चौथा गोल किया। हरमनप्रीत ने अगले मिनट पेनल्टी पर गोल करके स्कोर 5-0 कर दिया। हाफटाइम से ठीक पहले पेनल्टी कॉर्नर पर अमित रोहिदास की फ्लिक को मनदीप ने गोल के भीतर डाला। ब्रेक के बाद भारत को 11वां पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन हरमनप्रीत की फ्लिक गोल के बाहर से निकल गई।
Asian Games 2023 Live Streaming की पूरी डिटेल्स
Asian Games 2023: पढ़ें भारत का Day To Day शेड्यूल
Asian Games 2023: देखें खेल और भारतीय खिलाड़ियों की लिस्ट
Asian Games 2023: एशियन गेम्स से जुड़े अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें
हरमनप्रीत ने अपना चौथा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा
मनप्रीत ने 37वें मिनट में भारत की बढ़त को बढ़ाया और पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत की फ्लिक पर रिबाउंड से गोल दागा। हरमनप्रीत ने इसके बाद दो पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। शमशेर ने भी एक गोल किया। हरमनप्रीत ने अपना चौथा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। वरूण ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर भुनाकर आखिरी पांच मिनटमें दो गोल दागे। भारत को मैच में 22 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन आठ पर ही गोल हो सका।
भाषा इनपुट के आधार पर खबर
