ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को भारतीय महिला एथलीट दुती चंद को अतिरिक्त 1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। दुती ने इंडोनेशिया में जारी 18वें एशियाई खेलों में महिलाओं की 200 मीटर रेस स्पर्धा में रजत पदक जीता। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही टोक्यो ओलम्पिक-2020 की तैयारी हेतु दुती को हर प्रकार का समर्थन देने की घोषणा भी की है। इससे पहले, पटनायक ने दुती के रजत पदक जीतने के ठीक बाद ही उनके लिए 1.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि की घोषणा की थी।

दुती ने 23.20 सेकेंड का समय लेकर महिलाओं की 200 मीटर रेस स्पर्धा में रजत पदक जीता था। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बहरीन की एडिडियोंग ओडियोंग ने 22.96 सेकेंड का समय लेकर जीता था। मुख्यमंत्री पटनायक ने बुधवार को फोन पर दुती से बात कर उन्हें देश और राज्य को गौरवांन्वित करने के लिए बधाई दी थी।
पटनायक ने अपने ट्वीट में कहा था, “हमारी धाविका दुती ने देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने 200 मीटर रेस स्पर्धा में रजत पदक जीता है। इसके अलावा, उन्होंने 100 मीटर में भी रजत पदक जीता था। पूरे ओडिशा और देश को उन पर गर्व है।”

इन खेलों में दुती का यह दूसरा रजत पदक है। इससे पहले उन्होंने 100 मीटर स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया था। बहरीन की इडीडोंग ओडियोंग ने 22.96 सेकेंड में रेस पूरी की और पहले पायदान पर रहते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। चीन की योंगली वेई ने कांस्य पदक जीता। उन्होंने 23.27 सेकेंड का समय निकालते हुए पदक अपने नाम किया।