भारतीय नौकायन खिलाड़ियों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जबकि पहली बार जोड़ी बनाने वाले रोहन बोपन्ना और दिविज शरण ने स्वर्ण पदक जीते लेकिन 18वें एशियाई खेलों में भारत को अपने सबसे सफल दिन में भी कुछ खेलों में निराशा झेलनी पड़ी। भारत के नाम पर अब छह स्वर्ण, पांच रजत और 14 कांस्य पदक दर्ज हैं। खेलों के छठे दिन के बाद भी भारत पदक तालिका में दसवें स्थान पर बना हुआ है, जबकि चीन ने अपना दबदबा जारी रखते हुए पदकों का शतक पूरा कर दिया है।
निशानेबाजी में आज कोई स्वर्ण पदक नहीं मिला लेकिन हीना सिद्धू महिलाओं की दस मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतने में सफल रही। सोलह वर्षीय मनु भाकर क्वालीफिकेशन में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद फिर से फाइनल में नाकाम रही। कबड्डी में फिर से निराशा मिली। पुरूष टीम कल सेमीफाइनल में ईरान से हार गयी थी और आज महिला टीम भी फाइनल में ईरानी टीम से पार नहीं पा सकी। महिला टीम को भी रजत पदक से संतोष करना पड़ा। जिस खेल में स्वर्ण पदक पक्का माना जा रहा था उसकी निराशा कुछ हद तक नौकाचालकों तथा टेनिस में पुरुष युगल जोड़ी ने कम की।
भारतीय नौकायन खिलाड़ियों ने चौकड़ी स्कल्स में ऐतिहासिक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीतकर छठे दिन की शानदार शुरूआत की। साधारण परिवारों से आये सेना के इन जवानों ने सैनिकों का कभी हार नहीं मानने वाला जज्बा दिखाते हुए जीत दर्ज की। भारतीय टीम में स्वर्ण सिंह, दत्तू भोकानल, ओम प्रकाश और सुखमीत सिंह शामिल थे जिन्होंने पुरूषों की चौकड़ी स्कल्स में 6:17.13 का समय निकालकर पीला तमगा जीता।
भोकानल कल (23 अगस्त) व्यक्तिगत वर्ग में नाकाम रहे थे। स्वर्ण और प्रकाश भी पुरुषों के डबल स्कल्स में पदक से चूक गए थे। लेकिन इन सभी ने 24 घंटे के भीतर नाकामी को पीछे छोड़कर इतिहास रच डाला। इससे पहले भारत ने नौकायन में दो कांस्य पदक भी जीते। रोहित कुमार और भगवान सिंह ने डबल स्क्ल्स में और दुष्यंत ने लाइटवेट सिंगल स्कल्स में कांस्य पदक हासिल किया। दुष्यंत आखिरी 500 मीटर में वह इतना थक गए थे कि स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा। वह पदक समारोह के दौरान ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।
भारतीय टीम के सीनियर सदस्य स्वर्ण सिंह ने कहा ,‘‘ कल हमारा दिन खराब था लेकिन फौजी कभी हार नहीं मानते। मैने अपने साथियों से कहा कि हम स्वर्ण जीतेंगे और हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यह करो या मरो का मुकाबला था और हम कामयाब रहे।’’ टेनिस में बोपन्ना और शरण ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने फाइनल में कजाखस्तान के अलेक्जेंदर बबलिक और डेनिस येवसेयेव को 52 मिनट में 6-3, 6-4 से हराया।
पुरुष एकल स्पर्धा में अकेले भारतीय बचे प्रज्नेश गुणेश्वरन को सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्तोमिन से 2-6 2-6 से हारकर कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। हालांकि यह मुकाबला स्कोरलाइन से ज्यादा प्रतिस्पर्धी रहा। स्क्वाश में भी सौरव घोषाल, जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल कार्तिक के अपनी अपनी एकल स्पर्धाओं के सेमीफाइनल में पहुंचने से तीन पदक पक्के हो गए हैं। गोल्फ में आदिल बेदी पदक की दौड़ में बने हुए हैं। भारतीय टीम भी दूसरे दौर के बाद दूसरे स्थान पर बनी हुई है और उसकी पदक जीतने की संभावनाएं बढ़ गयी हैं।
भारतीय पुरुष हाकी टीम ने अपना अजेय अभियान जारी रखा। उसने तीसरे मैच में जापान को 8-0 से करारी शिकस्त दी। लेकिन कबड्डी में भारत को फिर से झटका लगा और उसे एशियाई खेलों से पहली बार अपने इस पारंपरिक खेल में स्वर्ण के बिना स्वदेश लौटना होगा। ईरान की महिला टीम ने पुरूष टीम के नक्शेकदम पर चलते हुए भारतीय महिला टीम को फाइनल मे हराकर की उसकी उम्मीदों पर पानी फेरा।
दो बार की गत चैम्पियन भारतीय टीम फाइनल में 24 . 27 से हार गई और उसे रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। ईरान की पुरूष टीम ने कल सेमीफाइनल में सात बार के चैम्पियन भारत को हराकर हैरान कर दिया था। बैडमिंटन कोर्ट से भी भारत को अच्छी खबर नहीं मिली तथा पुरुष एकल में के श्रीकांत और एच एस प्रणय को हार का सामना करना पड़ा। श्रीकांत 43 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 28वीं रैंकिंग के वोंग विंग कि से 21-23 19-21 से हार गये। इसके बाद प्रणय को थाईलैंड के कंटाफोन वांगचारोइन से 65 मिनट तक चले मुकाबले में 12-21 21-15 15-21 से पराजय का मुंह देखना पड़ा।
जिम्नास्टिक में दीपा कर्माकर बैलेंसिंग बीम में पांचवें स्थान पर रही जबकि तैराकी में भी बिना पदक के भारतीय अभियान समाप्त हो गया। मुक्केबाजी में आज भारत को मिश्रित सफलता मिली। अनुभवी मुक्केबाज मनोज कुमार (69 किग्रा) ने आसानी से प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदकधारी गौरव सोलंकी (52 किग्रा) को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।


भारतीय स्क्वॉश खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा है। भारत की दो महिला खिलाड़ी और एक पुरुष खिलाड़ी ने सेमीफाइनल में प्रवेश के साथ की कम से कम तीन कांस्य पदक पक्के कर लिए हैं। महिला एकल स्पर्धा में दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया तो वहीं सौरभ घोषाल ने क्वार्टर फाइनल में हमवतन हरमिंदर पाल सिंह संधू को हरा कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब अगर यह तीनों भारतीय खिलाड़ी सेमीफाइनल में हार भी जाते हैं तो कांस्य तो लेकर ही लौटेंगे।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपना विजय अभियान जारी रखते हुए शुक्रवार को जापान को 8-0 से हराया। यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। ग्रुप-ए के अपने तीसरे मुकाबले में मिली इस एकतरफा जीत के साथ मौजूदा चैम्पियन भारतीय टीम टूर्नामेंट में अपने गोलों की संख्या को 51 तक लेकर चली गई है। भारत के लिए मंदीप सिंह और रुपिंदर पाल सिंह ने दो-दो गोल किए जबकि एसवी सुनील, आकाशदीप, दलप्रीत और विवेक सागर ने एक-एक गोल किया।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एच एस प्रणॉय को 18वें एशियाई खेलों में शुक्रवार को छठे दिन पुरुष एकल वर्ग के अपने पहले मैच में ही हारकर बाहर होना पड़ा। थाईलैंड के वांगाकोरेन कांटापोन ने प्रणॉय को राउंड-32 दौर के मुकाबले में 21-12, 15-21, 21-15 से मात देकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
भारत की स्क्वॉश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा ने महिला एकल वर्ग के समीफाइनल में जगह बना ली है। चिनप्पा ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हांगकांग की चान हो लिंग को 3-1 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ उन्होंने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।
सेमीफाइनल में चिनप्पा का मुकाबला मलेशिया की सिवासंगारी सुब्रमण्यम से होगा। इससे पहले, दीपिका पल्लीकल ने भी अपना मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। चिनप्पा ने गुरुवार को हुए अंतिम-16 के मैच में फीलिपिंस की जेमयका अरिबाडो को 3-0 से हराया था।
ईरान ने पुरुष कबड्डी के फाइनल में कोरिया को 26-16 के अंतर से मात देकर पहली बार स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। ईरान ने सेमीफाइनल में भारत को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। 1990 में एशियाई खेलों में कबड्डी को पहली बार दाखिल किया गया था और तब से भारत ही इस स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाता आ रहा था।
इस बार ईरान ने सेमीफाइनल में भारत को एकतरफा मात देते हुए न सिर्फ उसके वर्चस्व को समाप्त किया बल्कि फाइनल में जीत हासिल कर नया इतिहास रचा। ईरान की महिला टीम भी स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही है। उसने भारत को 27-14 से मात देकर सोने का तमगा हासिल किया।
भारत के टेनिस खिलाड़ी गुणास्वरेन प्रजनेश पुरुष एकल स्पर्धा का कांस्य पदक जीतने में सफल रहे हैं। उनके पास हालांकि रजत या फिर स्वर्ण जीतने का भी मौका था, लेकिन उज्बेकिस्तान के डेनिस इस्टोमिन ने सेमीफाइनल में सीधे सेटो में प्रजनेश को मात देकर कांस्य पदक तक रोक दिया। इस्टोमिन ने प्रजनेश को एक घंटे 36 मिनट तक चले मैच में 6-2, 6-2 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
इस्टोमिन ने इस मैच में कुल छह ऐस लगाए जबकि प्रजनेश ने चार ऐस लगाईं। इस्टोमिन ने 17 अनफोसर्ड एरर कीं जबकि भारतीय खिलाड़ी ने 24 अनफोर्सड एरर की। फाइनल में इस्टोमिन का सामना कोरिया के डुकची ली और यिबिंग वु के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
भारतीय तैराक संदीप सेजवाल छठे दिन शुक्रवार को तैराकी में पुरुषों की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। संदीप ने फाइनल में 27.98 का समय लिया जिसके कारण उन्हें लेकर सातवें पायदान से संतोष करना पड़ा।
इसी स्पर्धा में जापान के कोसेकी यासुहीरो ने 27.07 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता जबकि चीन के यान जिबेई ने 27.25 सेकेंड के समय के साथ रजत और कजाकिस्तान के बलानदिन दीमित्री ने 27.46 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। इससे पहले, संदीप ने इस स्पर्धा के हीट-1 में 27.95 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल करते हुए फाइनल स्पर्धा के लिए क्वालीफाई किया था।
भारत के पुरुष मुक्केबाज मनोज कुमार ने 69 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। मनोज ने पहले दौर के मैच में भूटान के संजय वांगदी को 5-0 से मात देकर अगले दौर में कदम रखा। मनोज के पक्ष में सभी रेफरियों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया।
मनोज शुरू से आक्रामक थे और बेहद तेज खेल खेल रहे थे। संजय ने हालांकि घैर्य रखा और सही समय पर पंच मारने का प्रयास किए। कुछ मौकों पर वह सफल भी रहे। दूसरे दौर में भी आलम यही था कि मनोज अपने प्रतिद्वंद्वी पर हावी रहे। तीसरे दौर में संजय ने कोशिश की लेकिन लेकिन मनोज ने सही डिफेंस से उनके पंचों को जाया कर दिया।
अश्विनी पोनप्पा और एन.सिक्की रेड्डी की भारतीय महिला जोड़ी ने छठे दिन अच्छी शुरूआत करते हुए बैडमिंटन में महिला युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अश्विनी और रेड्डी की जोड़ी ने अंतिम-16 दौर में मे क्वान चोव और मेंग यिन ली की मलेशियाई जोड़ी को 21-17, 16-21, 21-19 से मात दी।
भारतीय जोड़ी ने इस स्पर्धा में चोव और ली की जोड़ी के खिलाफ पहला सेट 19 मिनट में 21-17 से हराया। हालांकि भारतीय खिलाड़ी को दूसरे में 23 मिनट में 16-21 से मात खानी पड़ी। लेकिन अश्विनी-रेड्डी की जोड़ी ने 26 मिनट में तीसरा सेट 21-19 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
इसी साल राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पुरुष मुक्केबाज गौरव सोलंकी 52 किलोग्राम भारवर्ग स्पर्धा के पहले ही दौर में बाहर हो गए हैं। गौरव को पहले दौर में जापान के रयोमेई तानाका ने 5-0 से मात देकर अंतिम-16 में प्रवेश किया।
दीपिका पल्लीकल शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए स्क्वॉश में महिलाओं की एकल स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। दीपिका ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए जापान की मिसाकी कोबायाशी को 3-0 से करारी शिकस्त दी और इस जीत के साथ उन्होंने भारत के लिए कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है।
भारतीय बैडमिटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को पुरुष एकल वर्ग के अपने पहले मैच में ही हारकर बाहर होना पड़ा। हांगकांग के खिलाड़ी विंग की विंसेंट ने श्रीकांत को अंतिम-32 दौर में मात देकर बाहर कर दिया।
भारतीय तीरंदाजी टीम को छठे दिन तीरंदाजी में कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में ईरान से 153-155 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही भारतीय पदक के दौर से बाहर हो गई।
दूसरे हाफ में अपने कमजोर डिफेंस और खराब रेडिंग के कारण भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक से हाथ धोना पड़ा। भारतीय महिला कबड्डी टीम को ईरान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 24-27 से मिली हार के कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
भारत और ईरान के बीच शुक्रवार को एशियाई खेल 2018 में महिला कबड्डी टीम का फाइनल खेला गया। भारतीय महिलाएं खिलाड़ी अंतिम समय में ईरान के हाथों हार गई। भारतीय टीम को सिल्वर मेडल के साथ संतोष करना पड़ा।
भारतीय महिला भारोत्तोलक राखी हलदर को भारोत्तोलक स्पर्धा के 63 किग्रा भार वर्ग में क्वालिफाई करने से चूक गईं। 25 साल की राखी फाइनल राउंड में निराशाजनक प्रदर्शन कर अगले दौर के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई। राखी ने पहले दो प्रयासों में स्नैच में 93 किलोग्राम भार उठाने की कोशिश की, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सकीं।
गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष निशानेबाज अनीश भानवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 मीटर रेपिड फायर पिस्टल स्पर्धा के क्वालिफिकेशन-1 में तीसरा स्थान हासिल किया। 15 साल के युवा निशानेबाज अनीश ने कुल 293 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्वालिफिकेशन-2 रविवार को होंगे।
भारत की अनुभवी निशानेबाज हिना सिद्धू ने निशानेबाजी में महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता हिना ने फाइनल में 219.2 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
भारतीय पुरुष हैंडबॉल टीम ने अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 28-27 से हरा दिया। ग्रुप-3 में शुक्रवार को हुए अपने पहले मुकाबले में भारत ने शानदार खेल दिखाया और पूरे मैच के दौरान पाकिस्तान को बढ़त लेने से रोके रखा।
अनुभवी टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। बोपन्ना और शरण की जोड़ी ने पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने खिताबी मुकाबले में कजाकिस्तान की एलेक्जेंडर बुबलिक और डेनिस येवसेव की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से मात देकर जीत हासिल की।
नौकायन प्रतियोगिता में भारत के लिए शुक्रवार को छठा दिन सफलता से भरा रहा। इस प्रतियोगिता में भारत को एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल हुए हैं। स्वर्ण सिंह, भोनाकल दत्तू, ओम प्रकाश और सुखमीत सिह की टीम ने नौकायन में पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स टीम स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया। भारतीय टीम ने फाइनल में 6 मिनट और 17.13 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने भारत की झोली में गिरा छठा स्वर्ण पदक है। इस स्पर्धा का रजत पदक इंडोनेशिया और कांस्य पदक थाईलैंड ने जीता।
भारतीय तीरंदाजी टीम को छठे दिन तीरंदाजी में रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में निराशा हाथ लगी। भारतीय टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय तीरंदाजी टीम को तीरंदाजी में कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने प्री-क्वार्टर फाइनल में इराक को 155-147 के स्कोर से मात देकर अंतिम-8 में प्रवेश किया।
भारतीय पुरुष निशानेबाज हरिंदर सिंह और अमित कुमार को पुरुषों की 300 मीटर स्टैंडर्ड राइफल स्पर्धा के फाइनल में निराशा हाथ लगी। इस स्पर्धा के फाइनल में हरिंदर को चौथा और अमित को पांचवां स्थान हासिल हुआ।
भारत को नौकायन स्पर्धा से पहला स्वर्ण पदक हासिल हुआ। स्वर्ण सिंह, भोनाकल दत्तू, ओम प्रकाश और सुखमीत सिह की टीम ने नौकायन में पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स टीम स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया।
भारतीय महिला निशानेबाज हीना सिद्धू और मनु भाकर ने अच्छा प्रदर्शन कर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। हिना को अंतिम सूची में सातवां स्थान हासिल हुआ है, वहीं मनु ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
भारत को नौकायन स्पर्धा में एक और कांस्य पदक हासिल हुआ है। रोहित कुमार और भगवान सिंह की जोड़ी ने यहां पुरुषों की लाइटवेट युगल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में कांस्य पदक जीता। इससे पहले दुष्यंत ने लाइटवेट एकल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में कांस्य पदक जीता था।
रोइंग की डबल स्कल्स स्पर्द्धा में भारत के रोहित कुमार व भगवान दास ने कांस्य पदक जीता।
भारतीय खिलाड़ी दुष्यंत ने शुक्रवार को भारत की झोली में पहला पदक देकर अच्छी शुरुआत दी है। दुष्यंत ने नौकायन में पुरुषों की लाइटवेट एकल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। फाइनल में दुष्यंत ने इस स्पर्धा को समाप्त करने में 7 मिनट और 18.76 सेकेंड का समय लगाते हुए कांस्य पर निशाना साधा।
भारतीय शूटर हरजिंदर सिंह और अमित कुमार पुरुषों की 300 मीटरस्टैंडर्ड राइफल प्रतियोगिता के फाइनल में 6ठें और 9वें स्थान पर चल रहे हैं।
भारत को दिन का पहला मेडल! भारत के दुष्यंत चौहान ने पुरुषों की लाइटवेट सिंगल स्कल इवेंट में कांस्य पदक जीता है। दुष्यंत चौहान ने 7:18:76 का समय में रेस पूरी कर भारत को एक और पदक दिलाया।