भारतीय हॉकी टीम के युवा खिलाड़ियों ने एक जून 2022 को जापान को 1-0 से हराकर एशिया कप में कांस्य पदक जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारत ने ग्रुप स्टेज में जापान से मिली हार का बदला भी ले लिया। जापान ने 24 मई 2022 को खेले गए मैच में भारत को 5-2 से हराया था। भारतीय हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच 4-4 से ड्रॉ खेला था। यही वजह थी कि गोल अंतर के आधार पर भारतीय हॉकी टीम फाइनल में जगह बनाने से चूक गई थी। भारत ने टूर्नामेंट के पिछले सीजन में स्वर्ण पदक जीता था।

भारत और जापान के बीच मैच की बात करें तो गत चैंपियन ने एकमात्र गोल 7वें मिनट में किया। भारतीय टीम के लिए राजकुमार पाल ने मैदानी गोल दागा। इसके बाद भारतीय रक्षापंक्ति ने चुस्ती दिखाते हुए जापान को एक भी गोल नहीं करने दिया। भारत ने पहले पांच मिनट में कई हमले बोले, लेकिन डी के भीतर उन्हें कामयाबी नहीं मिली।

उत्तम सिंह ने सातवें मिनट में जवाबी हमले पर दाहिने फ्लैंक से राजकुमार को गेंद सौंपी। राजकुमार ने जापानी गोलकीपर तकाशी योशिकावा को छकाकर गोल दाग दिया। तीन मिनट बाद भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन उसके खिलाड़ी उसे गोल में तब्दील नहीं कर पाए। पहले क्वार्टर के आखिरी पांच मिनट में जापान ने बराबरी का गोल दागने की बहुत कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति काफी मजबूत दिखी।

जापान को 20वें मिनट में दो पेनल्टी कॉर्नर मिले जिन्हें भारतीय रक्षापंक्ति ने गोल में बदलने नहीं दिया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन तीसरे क्वार्टर में लय कायम नहीं रख पाईं। जापान ने ब्रेक के बाद आक्रामक खेल दिखाकर फिर लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर बनाए, लेकिन भारतीय रक्षण को भेद नहीं पाए।

भारत को एक और गोल करने का मौका भी मिला, लेकिन एसवी सुनील के पास पर राजकुमार का शॉट ऊपर से निकल गया। आखिरी दो क्वार्टर में जापानी खिलाड़ियों ने काफी कोशिश की, लेकिन बीरेंद्र लाकड़ा की अगुआई में भारतीय रक्षण बहुत चुस्त था। जापान को 48वें मिनट में तीन पेनल्टी कॉर्नर लगातार मिले, जिन पर गोल नहीं हो सका। फाइनल में मलेशिया का सामना दक्षिण कोरिया से होगा।