एशिया कप में गुरुवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रोमांचक मैच खेला गया। यह मैच दोनो टीमों के लिए नॉकआउट था। श्रीलंका ने आखिरी गेंद पर जाकर मैच जीता और फाइनल का टिकट कटाया। मैच के आखिरी ओवर में काफी ड्रामा हुआ। धड़कनें बढ़ा देने वाले मुकाबले के दौरान भी श्रीलंकाई बल्लेबाज प्रमोद मधुसन ने कुछ ऐसा किया जिसे देखकर भारत के दिग्गज खिलाड़ी वेंकटेश प्रसाद काफी प्रभावित हो गए।

असलांका से प्रभावित हुए वेंकटेश

वेंटकेश प्रसाद ने ट्वीट करके लिखा, ‘प्रमोद मधुसन ने कल रात कमाल की चतुराई दिखाई। उन्होंने तब तक क्रीज नहीं छोड़ी जब तक असलांका वहां पहुंचे नहीं। मैं बहुत प्रभावित हुआ। इसे देखकर अश्विन बहुत खुश होंगे जो हमेशा नियमों का अच्छा प्रयोग करते हैं।’

आखिरी ओवर में प्रमोद ने दिखाई समझदारी

बारिश के कारण मैच महज 42 ओवर का था। श्रीलंका को आखिरी ओवर में 8 रन बनाने थे। ओवर की पहली गेंद तीन गेंद पर केवल दो रन आए। जमान खान ने चौथी गेंद डाली तो स्ट्राइक पर प्रमोद थे। उन्होंने स्विंग की कोशिश की लेकिन गेंद मिस कर गए। तब तक दूसरी ओर खड़े असलांका रन लेने के लिए दौड़ चुके थे। जमान खान ने गेंद स्ट्राइक एंड की ओर फेंकी।

प्रमोद ने बचाया असलांका का विकेट

प्रमोद जानते थे कि 42 रन बनाकर खेल रहे असलांका का विकेट उनसे ज्यादा अहम है। वह रनआउट होने के लिए तैयार थे। हालांकि उन्होंने बड़ी होशियारी दिखाई और बल्ले को क्रीज के अंदर ही रखा। उन्हें पता था कि अगर उनका बल्ला उठा को असलांका को पवेलियन लौटना पड़ेगा। असलांका ने प्रमोद का त्याग बेकार नहीं जाने दिया।

पांचवीं गेंद पर उन्होंने बल्ले को स्विंग किया और शॉर्ट थर्ड मैन पर चौका लगाया। वहीं अगली गेंद पर दो रन लेकर श्रीलंका की जीत तय की। वेंकटेश प्रसाद प्रमोद की होशियारी से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने अश्विन को टैग किया जो कि हमेशा नियमों की बात करते हैं। वह खेल भावना से ज्यादा अहमियत नियमों के सही इस्तेमाल को देते हैं।