Ashes 2023: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मध्यक्रम के बल्लेबाज हैरी ब्रुक ने एशेज टेस्ट सीरीज 2023 के तीसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में इतिहास रच दिया। लीड्स टेस्ट मैच में उन्होंने अपनी टीम के लिए दूसरी पारी में काफी महत्वपूर्ण पारी खेली और इस पारी के दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम पर दर्ज कर लिया। हैरी ब्रुक अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंद खेलकर 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहले नंबर पर आ गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डी ग्रैंडहोम के नाम पर दर्ज था।

हैरी ब्रुक ने तोड़ा डी ग्रैंडहोम का रिकॉर्ड

इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रुक टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन (गेंद के मामले में) बनाने वाले बल्लेबाज बने और डी ग्रैंडहोम को पीछे छोड़ दिया। हैरी ब्रुक ने 1058 गेंद खेलकर टेस्ट क्रिकेट में अपने 1000 रन पूरे किए जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड डी ग्रैंडहोम के नाम पर दर्ज था जिन्होंने 1140 गेंदों पर यह उपलब्थि अपने नाम की थी।

अब ग्रैंडहोम दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं जबकि इस लिस्ट में हैरी ब्रुक पहले नंबर पर आ गए हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंद खेलकर 1000 रन पूरा करने के मामले में तीसरे नंबर पर टिम साउथी हैं जिन्होंने 1167 गेंदें खेलकर 1000 रन पूरे किए थे।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन (गेंदों के मामले में)

हैरी ब्रुक – 1058 गेंद
डी ग्रांडहोमे – 1140 गेंद
टिम साउदी – 1167 गेंद

हैरी ब्रुक ने लगाया अर्धशतक

इस मैच की दूसरी पारी में हैरी ब्रुक ने अपना अर्धशतक 67 गेंदों पर पूरा किया और टीम को संभालने का काम किया। उन्होंने 93 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 75 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। उनकी इस पारी के दम पर इंग्लैंड ने तीसरा टेस्ट मैच तीन विकेट से जीत लिया।

इंग्लैंड के लिए 1000 टेस्ट रन सबसे कम पारी में बनाने वाले बल्लेबाज

12- हर्बर्ट सटक्लिफ
16- लेन हटन
17- गैरी बैलेंस/हैरी ब्रूक
18- वैली हैमंड