Ashes 2023 Ben Stokes century: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स का बल्ला एशेज 2023 के लॉर्ड्स टेस्ट मैच की दूसरी पारी में चला और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट क्रिकेट करियर का 13वां शतक लगाया। वहीं उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में चौथा शतक भी पूरा किया। बेन स्टोक्स ने इस पारी में बल्लेबाजी में वो रंग दिखाया जिसके लिए वो जाने जाते हैं और उन्होंने दूसरी पारी में हैट्रिक छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।

बेन स्टोक्स ने हैट्रिक छक्के के साथ पूरा किया अपना शतक

बेन स्टोक्स ने दूसरी पारी में कैमरन ग्रीन की गेंदों पर तीन छक्का लगाते हुए अपना 13वां टेस्ट शतक पूरा किया। उन्होंने अपने इस शतक को पूरा करने के लिए 142 गेंदों का सामना किया और इस दौरान 4 छक्के और 8 चौके लगाए। बेन स्टोक्स ने पहले 64 रन 128 गेंदों पर बनाए, लेकिन इसके बाद 13 गेंदों पर 36 रन बनाकर अपना शतक पूरा किया।

बेन स्टोक्स ने कैमरन ग्रीन के ओवर में ठोके 24 रन

बेन स्टोक्स ने लॉर्ड्स टेस्ट मैच की दूसरी पारी में कैमरन ग्रीन के एक ओवर में 24 रन ठोक डाले। इन 24 रन में हैट्रिक छक्के समेत एक चौका भी लगाया। टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की तरफ से एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में बेन स्टोक्स ने इयान बॉथम और हैरी ब्रुक की बराबरी कर ली।

टेस्ट में इंग्लैंड की ओर से एक ओवर में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

27 रन – हैरी ब्रूक, जाहिद महमूद की गेंद पर, रावलपिंडी 2022/23
24 रन – इयान बॉथम, डेरेक स्टर्लिंग की गेंद पर, द ओवल 1986
24 रन – हैरी ब्रूक, सऊद शकील की गेंद पर, रावलपिंडी 2022/23
24 रन – बेन स्टोक्स, कैमरून ग्रीन की गेंद पर, लॉर्ड्स 2023