भारतीय तीरंदाज अब योग सत्र में हिस्सा लेंगे। भारतीय तीरंदाजी संघ ने यह फैसला लिया है। ओलंपिक की तैयारियों के मद्देनजर इस तरह का फैसला लिया गया है। संघ का मानना है कि योग सत्र से खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत हो सकेंगे और इसकी वजह से वे खुद को संयमित भी रख सकेंगे।
भारतीय खिलाड़ियों ने इस साल अप्रैल में मानसिक रू प से मजबूत बनने के लिए 15 दिन के लिए अमेरिकी मानसिक ट्रेनर लारेंजो बेल्ट्रामी से प्रशिक्षण हासिल किया था। इस कार्यक्रम को सरकार ने प्रायोजित किया था।
भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष विजय कुमार मल्होत्रा ने मंगलवार को बताया कि तीरंदाजी खेल में बड़ी सफलता हासिल करने के लिए मानसिक मजबूती बहुत ही जरूरी है। इसे ध्यान में रखते हुए हम भारतीय खेल प्राधिकरण और खेल मंत्रालय से बातचीत कर रहे हैं कि तीरंदाजों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि रियो ओलंपिक के लिए भारतीय टीम की तैयारियों के लिए जो भी संभव है उसके प्रयास किए जा रहे हैं।