भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा के रिसेप्शन में बॉलीवुड और क्रिकेट जगत से कई बड़ी-बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। मुंबई के सैंट रीजिस होटल में आयोजित इस रिसेप्शन में टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी अपने परिवार के साथ पहुंचे। धोनी की गोद में उनकी बेटी जीवा बेहद खूबसूरत लग रही थी। जीवा ने हाथ से इशारा कर मीडिया का ध्यान भी अपनी तरफ खींचने की कोशिश की। इस मौके पर जीवा ने पिंक कलर का ड्रेस पहन रखा था। जीवा के अलावा उनकी मम्मी साक्षी भी पिंक ड्रेस में ही रिसेप्शन में नजर आईं। वहीं धोनी ब्लैक कलर के सूट में काफी अच्छे लग रहे थे। इस दौरान धोनी के फैंस भी होटल से बाहर धोनी-धोनी चिल्ला रहे थे। इससे पहले अनुष्का शर्मा और विराट कोहली ने दिल्ली में रिसेप्शन का आयोजन किया था। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित सगे-संबंधी, परिवार और कुछ खास दोस्त मौजूद थे।

बता दें कि इस रिसेप्शन में अनिल कुंबले, सुनील गावस्कर, वीरेंद्र सहवाग, साइना नेहवाल, उमेश यादव, कुलदीप यादव, चेतेश्वर पुजारा, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमरा, संदीप पाटिल, रविचंद्रन अश्विन जैसे कई नाम शामिल थे। इसके अलावा बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, रेखा और माधुरी दीक्षित सहित कई फिल्मी सितारे भी मौजूद थे।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा साउथ अफ्रीका जाकर नया साल मनाएंगे। भारतीय टीम 5 जनवरी से साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की शुरुआत करेगी। इस सीरीज की कप्तानी एक बार फिर विराट कोहली के हाथों में होगी। विराट कोहली की कोशिश भारत के बाद विदेश में भी टीम के बेहतर प्रदर्शन को जारी रखने की होगी।