एक आम सवाल जो हर किसी के मन में है- शतरंज खेलना शुरू करने की सही उम्र क्या है? कई लोग 4 या 4.5 साल कहेंगे। क्या होगा अगर हम आपको बताएं कि अनीश सरकार नाम का लड़का 3 साल और 4 महीने की उम्र से पहले ही स्मूथर्ड मेट करने या अपनी याददाश्त से पहेली बनाने और चेकमेट करने में सक्षम था? यकीन नहीं होता। खैर, शुक्र है कि हमारे पास सबूत है।

सिर्फ 3.5 साल में कर लिया था डेब्यू

अनीश सरकार ने 3.5 साल की उम्र से पहले ही टूर्नामेंट में पदार्पण कर लिया था। लगभग तीन महीने बाद, अनीश ने अपना पहला रैपिड रेटिंग टूर्नामेंट खेला। अनीश भाग्यशाली रहे कि उन्हें सिमुल में भारत के नंबर 1 और दुनिया के नंबर 4 ग्रैंड मास्टर अर्जुन इरिगैसी के खिलाफ खेलने का मौका मिला। अनीश ने एक हफ्ते बाद 2 रेटेड खिलाड़ियों को हराया और उसके अगले सप्ताह में फिडे में रेटिंग हासिल की। एक नवंबर 2024 को उनकी एलो रेटिंग आधिकारिक हो गई और उनका नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो गया।

3 साल 8 महीने 19 दिन में हासिल की पहली रेटिंग

26 जनवरी 2021 को जन्में अनीश सरकार ने 3 साल 8 महीने 19 दिन की उम्र में अपनी पहली रेटिंग 1555 हासिल की। उनका पहला रेटिंग टूर्नामेंट 1st SXCCAA ऑल बंगाल रैपिड रेटिंग ओपन 2024 था। उन्होंने वहां 5/11 का प्रभावशाली स्कोर बनाया। इसके साथ ही उत्तरी कोलकाता में रहने वाले अनीश महज 3 साल, 8 महीने और 19 दिन की उम्र में फिडे रेटिंग हासिल करने वाले दुनिया के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। अनीश सरकार ने भारत के ही तेजस तिवारी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। तेजस तिवारी ने 5 साल से कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।

अनीश ने अक्टूबर में पश्चिम बंगाल राज्य अंडर-9 ओपन प्रतियोगिता से प्रतिस्पर्धी शतरंज में पदार्पण किया। इस युवा खिलाड़ी ने अपनी पहली प्रतियोगिता में ही प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए संभावित 8 में से 5.5 अंक हासिल किए। इस बीच उन्होंने दो रेटेड खिलाड़ियों अरव चटर्जी और अहिलान बैश्य को हराया। वह कुल मिलाकर 24वें स्थान पर रहे।

दुनिया के नंबर 4 खिलाड़ी अर्जुन के खिलाफ भी खेल चुके हैं अनीश

इस बीच, उन्हें ग्रैंडमास्टर अर्जुन इरिगैसी के खिलाफ खेलने का भी मौका मिला। अनीश सरकार को इसके बाद पश्चिम बंगाल राज्य अंडर-13 ओपन में खेलने का मौका मिला। उस टूर्नामेंट में उन्होंने पांच रेटेड खिलाड़ियों का सामना करने की अर्हता पूरी की। इस तरह से उन्हें फिडे रेटिंग में 1555 की प्रारंभिक रेटिंग मिली।

अनीश का नाम शुरू में 15 खिलाड़ियों की सूची में नहीं था क्योंकि वह सिमुल खेलने के लिए योग्यता मानदंडों को पूरा नहीं करते थे। हालांकि, एक खिलाड़ी गैरहाजिर हो गया और सेंट जेम्स स्कूल के इस छोटे बच्चे को शानदार अवसर मिल गया। आयोजकों ने अनीश का नाम वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में रखने का फैसला किया।

भारत के दूसरे ग्रैंड मास्टर के हैं शिष्य

अनीश भारत के दूसरे ग्रैंड मास्टर दिब्येंदु बरुआ की अकादमी में शतरंज के गुर सीखते हैं। बरुआ भी उनकी प्रतिभा से काफी प्रभावित हैं। धानुका धुनसेरी दिब्येंदु बरुआ शतरंज अकादमी के निदेशक बरुआ ने पीटीआई से कहा, ‘’वह मुझे मित्रभा गुहा (जो 20 साल की उम्र में ग्रैंड मास्टर बने) की याद दिलाते हैं। अनीश में निश्चित रूप से क्षमता है लेकिन उन्हें अभी लंबा रास्ता तय करना है।’

खेलने के लिए लगानी पड़ती हैं कई कुर्सियां

शतरंज टूर्नामेंट में अनीश के अधिकतर वीडियो में वह शतरंज की बिसात तक पहुंचने के लिए कुर्सियों के ढेर पर बैठा हुए दिखाई देते हैं। एक वीडियो में वह बरुआ और सूर्य शेखर गांगुली सहित तीन ग्रैंड मास्टर के साथ खेलते हुए दिखते हैं, जिसमें उनके कोच बरुआ कुर्सियों पर संतुलन बनाते हुए उसके गाल पर चुटकी काटते हैं। बरुआ ने कहा, ‘हमने उसे एक विशेष समूह में रखा है, जहां वह सात से आठ घंटे तक प्रशिक्षण लेता है। कभी-कभी वह खेलने के लिए मेरे घर भी आता है, और एक बार जब वह बोर्ड पर बैठ जाता है, तो उठता ही नहीं है।’

निम्न मध्यम वर्गीय परिवार से आते हैं अनीश

अनीश का जन्म निम्न मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ है तथा उनके माता-पिता का शतरंज से कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने एक साल पहले ही यह खेल खेलना शुरू किया। शतरंज में उनकी दिलचस्पी को देखते हुए उनके माता-पिता उन्हें अकादमी में ले गए। नॉर्वे के विश्व में नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन अनीश के आदर्श खिलाड़ी हैं। बरुआ उन्हें आगामी कोलकाता शतरंज प्रतियोगिता में उतारना चाहते हैं। कार्लसन ने भी इस प्रतियोगिता में खेलने की पुष्टि कर दी है।