भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी चिराग शेट्टी के साथ एक दिलचस्प वाकया हुआ। दरअसल, कुछ दिन पहले भारत ने प्रतिष्ठित बैडमिंटन टूर्नामेंट थॉमस कप जीता था। इसके बाद महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने ट्वीट कर भारतीय बैडमिंटन टीम को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘यह बैंडमिंटन जैसे खेल में भारत के लिए बेहद खास लम्हा है, क्योंकि यह पूरे देश भर में खेले जाने के साथ ही प्यार किया जाता है। मैं थॉमस कप के बारे में सुनते हुए बड़ा हुआ हूं, जहां इंडोनेशिया के रूडी हार्टोनो का इस खेल में दबदबा देखने को मिलता था.. लेकिन अब हमने इंडोनेशिया को धूल चटाकर थॉमस कप पर कब्जा किया है…। अपना टाइम आ गया।’

इसके बाद थॉमस कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य चिराग शेट्टी ने आनंद महिंद्रा का शुक्रिया अदा किया। साथ ही महिंद्रा XUV700 के बारे में पूछताछ की, जिसकी उन्होंने कुछ दिन पहले ही बुकिंग कराई थी। चिराग शेट्टी ने लिखा- ‘शुक्रिया सर! मैंने हाल ही में XUV700 बुक कराई है और उम्मीद करता हूं कि यह मुझे जल्द से जल्द मिल जाए।’

आनंद महिंद्रा ने चिराग शेट्टी को जवाब देते हुए यहां तक कहा कि उन्होंने भी अपनी पत्नी के लिए एक XUV700 बुक की है, लेकिन अब तक इंतजार कर रहे हैं। चिराग शेट्टी की इस मांग पर आनंद महिंद्रा ने जवाब देते हुए लिखा, ‘चूंकि XUV700 चैंपियन खिलाड़ियों की पसंद है। ऐसे में हम अतिरिक्त मेहनत कर आपको जल्द से जल्द महिंद्रा XUV700 डिलीवर करवाने की कोशिश करेंगे।’

महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने आगे लिखा, ‘मैंने भी अपनी पत्नी के लिए यह एसयूवी बुक कराई है, लेकिन अब तक लाइन में ही लगा हूं। हालांकि, परेशानी यह है कि ग्लोबल सप्लाई चेन में दिक्कतें आने की वजह से कार कंपनियों के सामने भी समस्याएं हैं।’ आप भी नीचे दोनों के ट्वीट पढञ सकते हैं।

मुंबई में 4 जुलाई 1997 को जन्में चिराग शेट्टी 2018 गोल्डकोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं। उन्होंने मिक्स्ड टीम में पीला तमगा जीता था। उन्होंने उसी टूर्नामेंट में मेन्स डबल्स में सिल्वर मेडल भी जीता था। इसके अलावा वह 2016 और 2020 एशिया टीम चैंपियनशिप में मेन्स टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुके हैं।