टेस्ट कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की सगाई की खबरों और अफवाहों के बीच आज (गुरुवार को) सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी पत्नी जया बच्चन के साथ देहरादून पहुंचे। इनके अलावा मशहूर उद्योगपति अनिल अंबानी भी अपनी पत्नी टीना अंबानी के साथ देहरादून पहुंचे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि विराट और अनुष्का नए साल की शुरुआत में सगाई कर सकते हैं। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि इस मशहूर जोड़े की सगाई में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल होंगे।
ईटीवी की खबर के मुताबिक जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ये लोग ऋषिकेश से करीब 17 किलो मीटर दूर नरेंद्र नगर के आनंदा होटल में ठहरे हैं। इसी होटल में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पिछले शनिवार से ठहरे हुए हैं। हालांकि सगाई के बारे में विराट या अनुष्का की तरफ से अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाई प्रोफाइल लोगों के जमावड़े की वजह से होटल के बाहर सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है। सुरक्षा पुख्ता करने की पुष्टि नरेंद्र नगर थाना प्रभारी मोहम्मद अकरम ने की है।
गौरतलब है कि इस समय उत्तराखंड की हसीन वादियों में विराट और अनुष्का छुट्टियां मना रहे हैं। इस जोड़े ने यहीं पर अपना क्रिसमस सेलिब्रेट किया। आने वाला साल 2017 दोनों के लिए काफी व्यस्त होने वाला है। क्रिकेटर का परिवार और एनएच 10 की एक्ट्रेस का परिवार भी इस समय उत्तराखंड के नरेंद्र नगर में ही मौजूद है। इसी वजह से कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों साल की शुरुआत में सगाई कर सकते हैं।
अनुष्का बेंगुलुरु में पली-बढ़ी हैं लेकिन उनकी मां उत्तराखंड की रहने वाली हैं। अनुष्का ने स्कूल के लिए दिनों में अपनी गर्मियों की छुट्टियों का ज्यादा समय यहीं देहरादून में बिताया है। ऐसे में अनुष्का का इस जगह से खास लगाव है। अनुष्का के परिवार का एक घर यहां भी है। इसलिए इस नए साल के जश्न को खास बनाने के लिए अनुष्का अपनी पसंदीदा जगह आ गई हैं।
