क्या कोई क्रिकेटर नशे की हालत में 111 गेंद में 175 रन ठोक सकता है और 21 चौके और 7 छक्के लगा सकता है। सुनने में यह भले ही असंभव लगे लेकिन इस दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने कुछ ऐसा ही किया था। यह बात उन्होंने अपनी ऑटोबॉयोग्राफी में स्वीकारी भी है। गिब्स की उस पारी के दम पर ही दक्षिण अफ्रीका ने 2006 में 50 ओवर में 435 रन के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था।

हालांकि, शानदार करियर की तरह गिब्स का विवादों से भी गहरा रिश्ता रहा है। फिर चाहे वह मैच फिक्सिंग के जाल में फंसना हो, मैच जीतने के बाद बीच पर जश्न मनाने के दौरान मारिजुआना पीते हुए पकडे़ जाना हो या फिर मैच से पहले अलसुबह 3 बजे तक अनजान दोस्तों के साथ क्लब में पार्टी करना। साल 2001 में शॉन पोलॉक की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीककी टीम वेस्टइंडीज के दौरे पर टेस्ट और वनडे सीरीज खेलने गई थी। दक्षिण अफ्रीका ने 11 मई को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार पांचवां वनडे जीता। इस जीत की खुशी में हर्शल गिब्स ने उसी रात बीच पर पार्टी की। पार्टी के दौरान वह गांजा पीते हुए पकड़े गए।

गिब्स के साथ उनके साथी खिलाड़ी जस्टिन कैम्प, आंद्रे नेल, रोजर टेलेमाकस और पॉल एडम्स भी शामिल थे। यही नहीं, खिलाड़ियों के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम के कोचिंग स्टाफ के सदस्य भी थे। गिब्स और उनके साथियों को इसकी सजा भी मिली। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने टीम के सभी सदस्यों पर 10 हजार रैंड (दक्षिण अफ्रीका करंसी) का जुर्माना लगाया।

अहम मैच से पहले रातभर नाइट क्लब में थे गिब्स

17 अप्रैल 2000 को, हर्शल गिब्स ने स्वीकार किया था कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक महत्वपूर्ण वनडे मैच से पहले केपटाउन के वेस्ट एंड जैज क्लब में ‘दो अज्ञात दोस्तों’ के साथ अलसुबह 3 बजे तक पार्टी की थी। कारण पूछने पर उन्होंने कहा था, ‘मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है। मैं नाइट क्लब में था। इसका किसी और से कोई लेना-देना नहीं है।’ गिब्स पर तब तीन वनडे मैच का प्रतिबंध और 5,000 रैंड का जुर्माने लगाया गया था।

मैच फिक्सिंग के जाल में भी फंसे थे गिब्स

कुछ ही महीनों बाद हर्शल गिब्स मैच फिक्सिंग के जाल में फंसे थे। साल 2000 में हर्शल गिब्स ने किंग्स कमीशन के सामने कबूल किया था कि उन्होंने भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में 20 से कम का स्कोर करने के बदले हैंसी क्रोनिए से 15 हजार डॉलर लिए थे। (हालांकि, बाद में वह इस समझौते से मुकर गए और 53 गेंद में 74 रन बनाए थे।) तब हर्शल गिब्स को 6 महीने के लिए निलंबित किया गया था।

वनडे इंटरनेशनल में 6 गेंद पर 6 छक्के लगाने वाले हैं दुनिया के इकलौते बल्लेबाज

हर्शल गिब्स वनडे इंटरनेशनल में 6 गेंद पर 6 छक्के लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2007 आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में नीदरलैंड के खिलाफ यह उपलब्धि अपने नाम की थी। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ने रचा था इतिहास

हर्शल गिब्स ने 12 मार्च 2006 को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में इतिहास रचा था। उस दिन दक्षिण अफ्रीका ने वनडे इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट पर 434 रन बनाए थे। यह उस वक्त वनडे में किसी टीम की ओर से बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर था। दक्षिण अफ्रीका ने 49.5 ओवर में 9 विकेट पर 438 रन बनाकर मैच जीत लिया था।

ऐतिहासिक मैच के हीरो थे हर्शल गिब्स

दक्षिण अफ्रीका की उस जीत के हीरो हर्शल गिब्स थे। गिब्स ने 21 चौके और 7 छक्के की मदद से 111 गेंद में 175 रन ठोके थे। उस मैच के दौरान गिब्स शराब के नशे में थे। नशे की हालत में ही उन्होंने ऐसी शानदार पारी खेली थी। गिब्स ने ऑटोबॉयोग्राफी ‘टू द पॉइंट: द नो होल्ड्स बार्ड’ (To the point: The no-holds-barred) में बताया है कि उस मैच से पहले की रात उन्होंने काफी शराब पी थी। वह मैच वाले दिन भी हैंगओवर में थे।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर माइक हसी ने भी अपनी किताब में इसका जिक्र किया है। हसी ने लिखा, ‘मैंने सोने से ठीक पहले होटल के कमरे से बाहर झांका तो देखा कि गिब्‍स वहीं थे। वह जब सुबह नाश्‍ते के लिए आए थे, तब भी नशे में दिख रहे थे।’