हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की 7 साल बाद वापसी हो रही है। शुक्रवार 4 अक्टूबर 2024 को HIL (Hockey India League) 2024-25 के लिए पुरुष और महिला फ्रेंचाइजी का ऐलान हुआ। हॉकी इंडिया लीग में पुरुषों की 8 और महिलाओं की 6 टीमें होंगी। हर फ्रेंचाइजी 24 खिलाड़ियों की टीम बनाएगी। इसमें कम से कम 16 भारतीय खिलाड़ी (अनिवार्य रूप से 4 जूनियर खिलाड़ी) और 8 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी होंगे। महिला लीग का फाइनल 26 जनवरी 2025 को रांची में और पुरुषों का फाइनल 1 फरवरी 2025 को राउरकेला में होगा।
पहली बार पुरुषों और महिलाओं की साथ-साथ लीग
यह पहली बार होगा जब पुरुषों के साथ-साथ महिला लीग भी चलेगी। हॉकी इंडिया लीग के मुकाबले 28 दिसंबर से पांच फरवरी तक खेले जाएंगे। पुरुषों के मैच राउरकेला स्थित बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम, जबकि महिलाओं के मैच रांची स्थित मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। एचआईएल (HIL) 2024-25 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 13 से 15 अक्टूबर तक नई दिल्ली में होगी। खिलाड़ियों की नीलामी तीन श्रेणियों दो लाख रुपये, पांच लाख रुपये और 10 लाख रुपये में की जाएगी। दो लाख रुपये जूनियर खिलाड़ियों का कैप होगा।
जल्द ही 10 साल के लिए मिलेगी विंडो
HIL (एचआईएल) की वापसी न केवल हॉकी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण है, बल्कि महिला हॉकी को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम भी है। खेल की विश्व शासी संस्था FIH (इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन) ने हॉकी इंडिया लीग (HIL) के लिए अभी अगले 5 वर्षों तक 35 दिनों की एक विशेष विंडो आवंटित की है। हालांकि, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह को उम्मीद है कि जल्द ही यह आंकड़ा 10 साल का हो जाएगा। भोला नाथ सिंह ने जनसत्ता.कॉम के साथ बातचीत में हॉकी खिलाड़ियों को जल्द ही एक और खुशखबरी देने का वादा किया।
भोला नाथ सिंह ने किया वादा- बहुत जल्द मैच भी मिलेगी
यह पूछने पर कि अभी हॉकी खिलाड़ियों को मैच खेलने के लिए कोई धनराशि नहीं मिलती है, सिर्फ मैच जीतने पर ही मिलती है, तो हॉकी इंडिया लीग शुरू होने के बाद क्या उम्मीद की जाए कि उन्हें मैच फीस भी मिलेगी? इस पर भोला नाथ सिंह ने कहा, देखिये, हम पहले मैच फीस लेकर ही आने वाले थे, लेकिन हॉकी इंडिया लीग की वापसी सुनिश्चित हो गई। हम बहुत जल्द मैच फीस को लेकर भी फैसला लेंगे। भरोसा रखिये। फिर मुस्कुराते हुए कहा कि अभी मुझे आये हुए ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, इतनी जल्दी भोला नाथ से क्या-क्या लेंगे?
भोला नाथ ने कहा, मैं कहता नहीं हूं, करके दिखाता हूं। लिख लीजिये, वर्ल्ड कप में पुरुष और महिला दोनों टीमें पदक जीतेंगी। महिला टीम के पदक के रंग के बारे में तो नहीं कह सकता, लेकिन पुरुष टीम गोल्ड जीत (वर्ल्ड चैंपियन) रही है। लिख लीजिए। हम 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भी पदक जीतकर ही लौटेंगे।
हॉकी इंडिया लीग की पुरुष टीमें और उनके मालिकों की सूची
- चेन्नई: चार्ल्स ग्रुप
- लखनऊ: यदु स्पोर्ट्स
- पंजाब: जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स
- पश्चिम बंगाल: श्राची स्पोर्ट्स
- दिल्ली: एसजी स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट
- ओडिशा: वेदांता लिमिटेड
- हैदराबाद: रेसोल्यूट स्पोर्ट्स
- रांची: नवोयम स्पोर्ट्स वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड
हॉकी इंडिया लीग की महिला टीमें और उनके मालिकों की सूची
- हरियाणा: जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स
- पश्चिम बंगाल: श्राची स्पोर्ट्स
- दिल्ली: एसजी स्पोर्ट्स एंड एंटरटेनमेंट
- ओडिशा: नवोयम स्पोर्ट्स वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड
नोट: आगामी दिनों में कानूनी कार्यवाही पूरी होने के बाद 2 महिला फ्रेंचाइजी की घोषणा की जाएगी।
लीग पुनर्जीवित करना हमारा सपना था: दिलीप टिर्की
हॉकी इंडिया लीग के शुभारंभ के मौके पर दिलीप टिर्की ने कहा, ‘महत्वपूर्ण हॉकी लीग ने दुनिया में लीग की संस्कृति शुरू की। जिस दिन से हम चुने गए, तब से ही लीग को पुनर्जीवित करना हमारा सपना था और आज यह सपना पूरा हो गया। एचआईएल राष्ट्रीय टीमों के लिए आपूर्ति श्रृंखला रही है और रहेगी। एचआईएल खेल के लिए इतिहास रचने जा रही है। एचआईएल विश्व हॉकी के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के आभारी हैं, जिन्होंने हमें 35 दिन का समय दिया।’
हॉकी एक खेल नहीं, हमारे दिलों में है: भोला नाथ
भोला नाथ सिंह ने दिलीप टिर्की से सहमति जताते हुए कहा कि महासंघ का कार्यभार संभालने के बाद पहले दिन से ही एचआईएल शुरू करना उनका लक्ष्य था। भोला नाथ ने बताया, ‘जिस दिन हम पहली बार शामिल हुए, उस दिन एचआईएल को फिर से शुरू करने का मौका था। इसके लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ा। हॉकी भारत में सिर्फ एक खेल नहीं है, यह हमारे दिलों में है।’ उन्होंने यह भी कहा कि ओडिशा सरकार ने भारतीय हॉकी के साथ अपने प्रायोजन समझौते को 2036 तक बढ़ा दिया है।