बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने शुक्रवार को अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘83’ के पहले टीजर का लोकार्पण किया। फिल्मकार कबीर खान द्वारा निर्देशित इस फिल्म में साल 1983 में कपिल देव की कप्तानी में क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत को दर्शाया गया है। तब टीम इंडिया ने फाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था।
रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर 59 सेकेंड लंबी क्लिप शेयर की। इसमें वह कपिल देव की भूमिका में वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स का कैच पकड़ते दिख रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘महानतम कथा। महानतम प्रसिद्धि। ‘83’ फिल्म 24 दिसंबर, 2021 को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होने जा रही है। टीजर जारी हो गया है। 30 नवंबर को ट्रेलर भी जारी किया जाएगा।’
फिल्म में कपिल देव की पत्नी रोमी भाटिया की भूमिका निभाने वाली दीपिका पादुकोण ने भी अपने इंस्टाग्राम पेज पर वीडियो साझा किया है। रणवीर की पोस्ट पर एक्ट्रेस सारा अली खान, भूमि पेडनेकर, अमृता खानविलकर, फिल्म डायरेक्टर जोया अख्तर समेत कई सेलेब्रिटीज ने कमेंट्स और रिएक्शन दिए हैं।
सारा अली खान ने फायर वाली इमोजी पोस्ट की। भूमि पेडनेकर ने Wow लिखने के बाद ताली बजाने वाली ढेर सारी इमोजी पोस्ट कीं। अमृता खानविलकर ने भी तारीफ करते हुए ताली बजाने वाली कई इमोजी पोस्ट कीं।
जोया अख्तर ने वू हू! लिखने के बाद ताली बजाने वाली इमोजीस पोस्ट कीं। सात उचक्के, सैक्रेड गेम्स के अभिनेता जतिन सरना ने टीजर देखने के बाद रणवीर की तारीफ की। फैंस ने भी कमेंट सेक्शन में अपना एक्साइटमेंट जाहिर किया। एक यूजर ने लिखा, ‘इंतजार नहीं कर सकता।’
दीपिका पादुकोण ने इससे पहले, पीटीआई को दिए इंटरव्यू में ‘83’ में रणवीर के साथ काम करने को लेकर बात की थी। दीपिका और रणवीर इससे पहले ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला,’ ‘बाजीराव मस्तानी’ और ‘पद्मावत’ जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, इस फिल्म में दीपिका पादुकोण का लुक उनकी अब तक की फिल्मों से जुदा है।
अपने रोल के बारे में दीपिका पादुकोण ने कहा था, ‘खेल के इतिहास से सबसे प्रतिष्ठित क्षणों में से एक फिल्म में एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण हिस्सा निभाना सम्मान की बात है। एक पति के पेशेवर और व्यक्तिगत आकांक्षाओं की सफलता में पत्नी कितनी अहम भूमिका निभाती है ये मैंने मेरी मां में बेहद करीब से देखा है। मेरे लिए कई मायनों में 83 हर महिला को समर्पित है, जो अपने पति के सपने को अपने सपनों से पहले रखती है।’
कपिल देव की बेटी आमिया भी हैं फिल्म का हिस्सा
फिल्म ‘83’ का हिस्सा न सिर्फ कपिल देव बल्कि उनकी बेटी आमिया भी हैं। आमिया इस फिल्म के जरिए डायरेक्शन में डेब्यू कर रही हैं। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म की असिसटेंट डायरेक्टर अमिया देव हैं। पढ़ाई के चलते आमिया लाइमलाइट से दूर रहती थीं। हालांकि, अब बॉलीवुड में एंट्री करने के बाद रणवीर के साथ अब उनका नाम भी सुर्खियों में है।
फिल्म में संदीप पाटिल के बेटे चिराग पाटिल भी हैं। चिराग मराठी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार हैं। ‘83’में भी वह अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। पिछले दिनों चिराग पाटिल ने भी आमिया के डेब्यू को लेकर बातचीत की थी। इसके अलावा फिल्म में पंकज त्रिपाठी, बोमन ईरानी, साकिब सलीम और ताहिर राज भसीन भी हैं। यह 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।