सेरेना विलियम्स को भले ही विम्बलडन के फाइनल में रोमानिया की सिमोना हालेप के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी हो, लेकिन जो पुरुष यह सोचते हैं कि वे भी इस टेनिस स्टार के खिलाफ जीत दर्ज कर लेंगे तो उन्हें नीचे दिया गया वीडियो देखकर सतर्क हो जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को अब तक 1.3 करोड़ लोग देख चुके हैं। इसमें सेरेना के खिलाफ पांच पुरुष एक साथ कोर्ट पर उतरे, लेकिन वे इस खिलाड़ी को हराने की बात तो दूर उनके खिलाफ एक अंक तक नहीं हासिल कर पाए। सेरेना ने सभी को धूल चटा दी।
यह वीडियो उन लोगों के लिए भी चेतावनी है, जो खुद को महिलाओं से श्रेष्ठ समझते हैं। इस वीडियो में सेरेना के खिलाफ पहले एक आदमी उतरता है। वह सेरेना की सर्विस भी नहीं उठा पाता। इसके बाद उसका साथ देने के लिए दूसरा पुरुष कोर्ट में आता है। वह भी नाकाम रहता है। इसकी बाद तीसरा, चौथा और पांचवां पुरुष भी सेरेना को हराने की मंशा के साथ कोर्ट पर उतरते हैं, लेकिन सभी नाकाम रहते हैं। हालांकि, वे सेरेना की सर्विस पर सिर्फ एक बार रिटर्न करने में सफल रहते हैं।
23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना हाल ही में दुनिया की सबसे फैशनेबल खिलाड़ी चुनी गई हैं। अमेरिकी स्पोर्ट्स मैगजीन स्पोर्ट्स इलस्ट्रेटेड ने इस साल के दुनिया के 50 सबसे फैशनेबल खिलाड़ी चुनने के लिए तीन पैमाने थे- स्ट्रॉन्ग, सेक्सी, सेंसिबल। सेरेना के अलावा फैशनेबल खिलाड़ियों की सूची में टेनिस के 3 अन्य खिलाड़ी मारिया शारापोवा (छठे), सेरेना की बड़ी बहन वीनस विलियम्स (34वें) और रोजर फेडरर (37वें) भी शामिल थे।
सेरेना हाल ही में विम्बलडन फाइनल में सिमोना हालेप से सीध सेटों 2-6, 2-6 से हार गईं थीं। हालेप विम्बलडन चैंपियन बनने वाली रोमानिया की पहली महिला खिलाड़ी हैं। सेरेना इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया की मार्गेट कोर्ट की बराबरी करने से चूक गईं। सेरेना के नाम 23 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं। वहीं, मार्गेट 24 जीती थीं। सेरेना ने पिछली बार 2017 में ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। तब उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन अपने नाम किया था।
To all the non-tennis-playing men who think they can win a point against Serena, watch this… pic.twitter.com/GEDQb76KHt
— EBC (@ItsBlackCulture) July 19, 2019