बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के बीच 2 मैच की सीरीज का आखिरी टेस्ट चिटगांव में खेला जा रहा है। दो दिन का खेल हो चुका है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय बांग्लादेश का स्कोर 9 ओवर में 4 विकेट पर 38 रन था। इससे पहले साउथ अफ्रीका ने 144.2 ओवर में 6 विकेट पर 575 रन बनाकर घोषित की। बांग्लादेश की पारी जैसे ही शुरू हुई तो स्क्रीनबोर्ड पर 0/0 दिख रहा था।

बांग्लादेश की ओर से सादमान इस्लाम और महमूदुल हसन जॉय ने पारी की शुरुआत की। साउथ अफ्रीका के लिए कगिसो रबाडा पहला ओवर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर सादमान इस्लाम कोई रन नहीं बना पाए। हालांकि, दूसरी गेंद पर कगिसो रबाडा ने अपनी लय खो दी और नोबॉल कर बैठे। यही नहीं उनकी फेंकी हुई गेंद पहले स्टम्प से इतनी दूर थी कि विकेटकीपर काइल वेर्रेने ने उसे पकड़ ही नहीं पाए और गेंद बाउंड्री के पार चली गई।

इसका मतलब बांग्लादेश के खाते में 5 रन आ जाने चाहिए थे, लेकिन तभी स्कोर बोर्ड स्कोर 10/0 दिखाने लगा। यह देखकर क्रिकेट प्रशंसक आश्चर्यचकित रह गये। तभी कमेंटेटर ने बताया कि इसमें 5 रन पेनल्टी के भी जुड़े हैं। दरअसल, साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी के दौरान 8वें नंबर पर खेलने आए सेनुरन मुथुसामी बैटिंग करते समय बार-बार विकेट के बीच में दौड़ लगा रहे थे। यही वजह थी कि मैदानी अंपायर्स ने साउथ अफ्रीका पर 5 रन की पेनल्टी लगा दी। यही पांच रन बांग्लादेश के स्कोर में बाद में जुड़ गए।

बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट मैच 21 से 24 अक्टूबर के बीच खेला गया था। उस मैच में साउथ अफ्रीका ने सात विकेट से जीत हासिल की थी। काइल वेर्रेने प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। उन्होंने पहली पारी में 114 रन बनाए थे।