बॉलीवुड फिल्‍मों में अक्‍सर वर्षों से बिछड़े भाई के मिलने की कहानी दिखाई जाती है। अमेरिका में हकीकत में ऐसी ही एक दिलचस्‍प घटना सामने आई है। साठ वर्षों से दोस्‍त रहे दो इंसान हकीकत में भाई निकले। डीएनए टेस्‍ट कराने के बाद इसका पता चला। होनोलूलू में पले-बढ़े दोनों दोस्‍त यह जानकर हैरान हैं कि वे सिर्फ मित्र नहीं बल्कि भाई हैं। अमेरिकी मीडिया में यह खबर आने के बाद लोग भी हैरत में हैं। वाल्‍टर मैकफारलेन अपने जैविक पिता का पता लगाने के लिए डीएनए जांच का काम शुरू किया था। इसी दौरान उन्‍हें बचपन के दोस्‍त एलन रॉबिंसन के जैविक भाई होने का पता चला। मैकफारलेन ने बताया कि वह इससे बहुत खुश हैं।

अमेरिकी चैनल ‘सीएनएन’ की रिपोर्ट में इसका खुलासा किया गया है। मैकफारलेन ने कहा, ‘यह सच है। हमलोग 60 वर्षों तक इस बात को जाने बगैर एकसाथ रहे कि असल में रॉबिंसन मेरा भाई है।’ मैकफारलेन का जन्‍म वर्ष 1943 में होनोलूलू में हुआ था। उनकी मां जेनीवीव उन्‍हें किसी को गोद देने की योजना बना रही थीं। बाद में मैकफारलेन के नाना-नानी ने ही उन्‍हें गोद ले लिया था। मैकफारलेन के जन्‍म लेने के 15 महीने बाद होनोलूलू में ही एलन रॉबिंसन पैदा हुए थे। उनके माता-पिता ने उन्‍हें तुरंत ही दूसरे को गोद दे दिया था। रॉबिंसन को कभी भी अपने माता-पिता के बारे में जानकारी मिल सकी थी। मैकफारलेन और रॉबिंसन की मुलाकात छठवीं कक्षा में हुई थी। उसके बाद से अब तक यह दोस्‍ती कायम है। रॉबिंसन ने बताया कि मैकफारलेन उनके घर से कुछ ही दूरी पर रहते थे और दोनों के परिवारों के बीच अच्‍छी दोस्‍ती थी। उन्‍होंने बताया कि उनकी मां (पालन पोषण करने वाली) स्‍कूल नर्स थी। मैकफारलेन जब भी बीमार पड़ता था या उसे चोट लगती थी तो उनकी मां ही उनका इलाज करती थी।

[jwplayer EW2nQYnR]

मैकफारलेन और रॉबिंसन पुनाहाव स्‍कूल में पढ़ते थे। पूर्व राष्‍ट्रपति बराक ओबामा ने भी यहीं से पढ़ाई-लिखाई की थी। दोनों एक साथ बचपन बिताया। कॉलेज की पढ़ाई और वियतनाम में सेवाएं देने के बाद दोनों वापस होनोलूलू आ गए थे और तब से वहीं रह रहे हैं। कुछ साल पहले मैकफारलेन ने डीएनए टेस्‍ट के जरिये अपने जैविक पिता को ढूंढ़ने का प्रयास शुरू किया था। उनकी बेटी सिंडी फ्लोर्स ने इसमें उनकी मदद की थी। डीएनए सैंपल का मिलान करते वक्‍त ‘रॉबी-737’ से मैकफारलेन का डीएनए मिला था। रॉबी-737 कोई और नहीं बल्कि एलन रॉबिंसन ही थे।