आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा इन दिनों सुर्खियों में हैं। अटकलें हैं कि राघव और परिणीति शादी करने वाले हैं। हालांकि दोनों ने अभी तक स्पष्ट तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। राघव और परिणीति कॉलेज के दिनों से एक दूसरे को जानते हैं, दोनों ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में एक साथ पढ़ाई की है।
छोटी उम्र में मोटी कमाई करने लगे थे चड्ढा
राघव चड्ढा सबसे कम उम्र के राज्यसभा सांसद हैं। वह बहुत ही कम उम्र में अच्छी कमाई करने लगे थे। 22 साल की उम्र में ही उन्होंने चार्टर्ड एकाउंटेंट के रूप में प्रैक्टिस करने के लिए लाइसेंस हासिल कर लिया था।
दिल्ली के मॉडर्न स्कूल में पढ़ाई करने के बाद राघव कम उम्र में सीए बन गए थे। इसके बाद वह पढ़ाई के लिए लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स गए। वहां से लौटने पर उन्होंने खुद का एक छोटा सा वेल्थ मैनेजमेंट बुटीक शुरू किया। छोटी उम्र में चड्ढा की कमाई इतनी अच्छी आय थी, वह “30 प्रतिशत टैक्स ब्रैकेट” आते थे।
अन्ना आंदोलन से राजनीति में आए
राघव चड्ढा अन्ना आंदोलन के जरिए राजनीति में आए थे। चड्ढा और अरविंद केजरीवाल की मुलाकात, वकील राहुल मेहरा ने करवाई थी। चड्ढा की तरह राहुल भी वर्तमान में आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं। केजरीवाल ने उनसे दिल्ली लोकपाल विधेयक का मसौदा तैयार करने में मदद करने को कहा था। चड्ढा बताते हैं, “मैं उस (लोकपाल) पर काम करने वाले लोगों में से एक था, हालांकि इसमें बहुत सारे बदलाव हुए”
जब AAP का गठन हुआ, तो चड्ढा ने आतिशी मार्लेना (अब आतिशी सिंह) के साथ मिलकर 30-odd Policy थिंक टैंक बनाने पर काम किया। इसके बाद चड्ढा ने प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव और अनंत कुमार के अधीन भी काम किया।
चड्ढा ने वरिष्ठ पत्रकार सबा नकवी से बातचीत में कहा था, “चुनाव प्रचार के दौरान हम सभी हर चीज का हिस्सा थे। अगर कोई मुझसे पूछता की मैं पार्टी में क्या करता हूं, तो मैं कहता हूं कि सुबह 9 बजे से 12 बजे तक मैं कम्युनिकेशन स्ट्रेटजी टीम का हुआ करता था, दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक पॉलिसी मेनिफेस्टो टीम में काम करता था, दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक हम उम्मीदवारों के चयन पर भी अपनी राय देते थे; फिर रात में हम टीवी पर (बतौर प्रवक्ता) होते थे।” इसी लगन ने राघव चड्ढा को अरविंद केजरीवाल का करीबी बना दिया।
जब 25 साल की उम्र में प्रणय रॉय का किया सामना
राघव चड्ढा को अब आप का आक्रामक प्रवक्ता के तौर पर जाना जाता है। हालांकि कैमरे के सामने उनका पहला अनुभव बहुत दिलचस्प था। बतौर प्रवक्ता राघव चड्ढा को पहली ही बार NDTV के प्रणय रॉय का सामना करना था। वह इस घटना को मुस्कुराते हुए याद करते हैं, “8 दिसंबर, 2013 को अचानक आप दिल्ली में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए बाहर आई। मैं एनडीटीवी पर था और मेरे सामने प्रणय रॉय थे।”