मणिपुर में दो महिलाओं के साथ ज्यादती वाला विडियो सामने आने के बाद विपक्ष सरकार पर हमलावर है। वह संसद में मणिपुर की स्थिति पर लंबी चर्चा और प्रधानमंत्री के बयान की मांग कर रहा है। भाजपा नेता इसे राजनीत‍ि से प्रेर‍ित बताते हुए कह रहे हैं क‍ि अगर मणिपुर की बात होगी तो बंगाल और राजस्थान में भी महिलाओं पर ज्यादती की बात होगी।

बता दें कि मणिपुर में भाजपा का शासन है, जबकि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है। भाजपा और विपक्ष की तकरार के बीच सरकार की ओर से महिलाओं के साथ ज्यादती के मसले पर सांसदों के सवाल का जवाब आया है।

बलात्कार या सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के मामले

लोकसभा के चार सांसदों के सवाल के लिखित जवाब में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि 2017 से 2021 के बीच 28 राज्यों में महिलाओं के साथ बलात्कार या सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के 1278 मामले दर्ज किए गए। इनमें उत्तर प्रदेश नंबर एक और असम नंबर दो पर रहा। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 218 और असम में 191 ऐसे मामले दर्ज हुए।

तीसरे नंबर और चौथे नंबर पर क्रमश: मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र हैं जहां 166 और 133 मामले दर्ज किए गए। ये आंकड़े केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा ने लोकसभा में एक सवाल के जवाब में 25 जुलाई को पेश किए। बता दें कि 2017 से 2021 के बीच उत्तर प्रदेश और असम में पूरे समय भाजपा का शासन रहा।

बंगाल, राजस्थान और छत्तीसगढ़ का हाल

इस अवधि के दौरान राजस्थान में बलात्कार या सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या के 39 मामले दर्ज किए गए, जबकि छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में क्रमश: 32 और 30 ऐसे मामले दर्ज किए गए।

इन राज्‍यों में ऐसे मामलों की संख्‍या ज‍िनमें बलात्कार के बाद हत्‍या नहीं हुई:

राज्य20172018201920202021
राजस्थान33054335599753106337
छत्तीसगढ़19082091103612101093
पश्चिम बंगाल10841069106811281123
उत्तर प्रदेश42463946306527692845
महाराष्ट्र19332142229920612496
मध्य प्रदेश55625433248523392947
वर्ष 2017 से 2021 के दौरान बलात्कार के दर्ज मामले, सोर्स- NCRB data

इन सांसदों ने पूछा था सवाल

डॉ. चंद्र सेन जादौन, डॉ. संघमित्रा मौर्य, केशरी देवी पटेल और संजय जाधव द्वारा में पूछा गया कि क्या देश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार, विशेष रूप से बलात्कार और हत्या के मामलों में वृद्धि हुई है? महिलाओं के उत्पीड़न से जुड़े सवालों के जवाब में गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्रा ने डेटा पेश किया।

नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2021 में भारत में प्रतिदिन औसतन 86 बलात्कार और महिलाओं के खिलाफ अपराध के प्रति घंटे 49 मामले दर्ज किए गए।

NCRB-2021 के डेटा में महिलाओं के साथ बलात्कार के मामले में राजस्थान (6,337) टॉप पर है। इस सूची में दूसरे स्थान पर मध्य प्रदेश (2,947), तीसरे स्थान पर महाराष्ट्र (2,496) और चौथे स्थान पर उत्तर प्रदेश (2,845) है।