Karnataka Results 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की है। भाजपा और दूसरे दलों को छोड़कर कांग्रेस में जाने वाले नेताओं को फायदा हुआ है। चुनाव के पहले हुए दल-बदल में पांच हाई-प्रोफाइल नेताओं का नाम भी शामिल है। इन पांच में से ज्यादातर भाजपा और जेडीएस को छोड़कर कांग्रेस में गए थे।
1: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार 17 अप्रैल को भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। भाजपा हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से उन्हें टिकट नहीं दे रही थी। जबकि वह इस निर्वाचन क्षेत्र से छह बार जीत दर्ज कर चुके थे। इंडिया टुडे से बात करते हुए शेट्टार ने कहा था, “मैंने सभी से टिकट न मिलने का कारण पूछा। क्या इसका कारण उम्र रहा? मैं 67 वर्ष का हूं, भाजपा ने 75 वर्ष के नेताओं को टिकट दिया है। क्या मेरी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि है। या भ्रष्टाचार के कोई आरोप हैं? मेरा राजनीतिक जीवन बेदाग रहा है, कोई काला धब्बा नहीं है।”
कांग्रेस के शेट्टार के सामने भाजपा ने हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से महेश तेंगिनाकाई को उतारा था। शेट्टार भाजपा उम्मीदवार से चुनाव हार चुके हैं।
उम्मीदवार | पार्टी | वोट | प्रतिशत |
जगदीश शेट्टार | कांग्रेस | 60775 | 37.89 |
महेश तेंगिनाकाई | भाजपा | 95064 | 59.27 |
2: भाजपा से टिकट ना मिलने के बाद कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी कांग्रेस में शामिल हो गए थे। सावदी अथानी से तीन बार के विधायक हैं, लेकिन 2018 का चुनाव हार गए थे।
इस चुनाव में बेलगांव जिले की अथानी विधानसभा सीट (Athani Assembly) पर कांग्रेस के लक्ष्मण सावदी का मुकाबला भाजपा के महेश ईरानागौड कुमाथल्ली (MAHESH IRANGOUDA KUMATHALLI) से था। लक्ष्मण सावदी ने इस सीट से बड़ी जीत हासिल की है।
उम्मीदवार | पार्टी | वोट | प्रतिशत |
लक्ष्मण सावदी | कांग्रेस | 131404 | 68.34 |
महेश ईरानागौड कुमाथल्ली | भाजपा | 55282 | 28.75 |
3: के एम शिवालिंगे गौड़ा अप्रैल में एच डी देवेगौड़ा के नेतृत्व वाली जनता दल (सेक्युलर) को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वह हासन जिले के अरसीकेरे सीट से तीन बार के विधायक हैं। इस बार अरसीकेरे में कांग्रेस के के. एम. शिवालिंगे गौड़ा और जेडीएस के एन.आर. संतोष के बीच मुकाबला था। कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव जीत गए हैं। भाजपा के जीवीटी बसवराज (G.V.T. BASAVARAJA) 3.51 प्रतशित वोट के साथ तीसरे नंबर पर रहे हैं।
उम्मीदवार | पार्टी | वोट | प्रतिशत |
के एम शिवालिंगे गौड़ा | कांग्रेस | 98375 | 52.86 |
एन.आर. संतोष | जेडीएस | 78198 | 42.02 |
4: एस आर श्रीनिवास मार्च के अंत में कांग्रेस में शामिल हुए थे। वह तुमकुर जिले के गुब्बी निर्वाचन क्षेत्र से जद (एस) की टिकट पर तीन बार विधायक चुने गए हैं। पिछले साल राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। गुब्बी सीट पर जेडीएस के नागराजू बी.एस, कांग्रेस के एस आर श्रीनिवास और भाजपा के एसडी दिलीप कुमार के बीच मुकाबला था। कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई है।
उम्मीदवार | पार्टी | वोट | प्रतिशत |
नागराजू बी.एस | जेडीएस | 43046 | 26.88 |
एस आर श्रीनिवास | कांग्रेस | 60520 | 37.79 |
एस.डी. दिलीप कुमार | भाजपा | 51979 | 32.46 |
5: हावेरी जिले के हिरेकेरूर से दो बार के विधायक यू.बी. बांकर विधानसभा चुनाव की घोषणा से काफी पहले (दिसंबर में ही) भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हिरेकेरूर सीट पर कांग्रेस के बांकर का मुकाबला भाजपा के बसवनगौडा पाटिल से था। यू.बी. बांकर चुनाव जीत गए हैं।
उम्मीदवार | पार्टी | वोट | प्रतिशत |
यू.बी. बांकर | कांग्रेस | 85378 | 53.53 |
बसवनगौडा पाटिल | भाजपा | 70358 | 44.11 |
2024 के आम चुनाव से पहले का लिटमस टेस्ट!
कर्नाटक की सभी 224 विधानसभा सीटों पर 10 मई को मतदान हुआ था। राज्य में सरकार बनाने के लिए एक पार्टी को कम से कम 113 सीटों की जरूरत होती है। कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा को 66 और जेडीएस को 19 सीटों पर जीत मिली है।