लॉजिकली फैक्ट्स: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के कथित X-पोस्ट का एक स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि उन्होंने बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार और हिन्दुओं के प्रमुख धार्मिक उत्सव कुंभ मेले की आलोचना की है। 2025 में कुंभ मेला जनवरी 12 से फ़रवरी 26 तक प्रयागराज में आयोजित होने वाला है।
क्या है दावा?
स्क्रीनशॉट में कथित तौर पर प्रियंका गांधी द्वारा X पर शेयर की गई एक पोस्ट दिखाई गई है, जिसमें लिखा है: “भारत मूर्खों का देश है, जहां सरकार लोगों के पीने के पानी पर नहीं बल्कि पाखंडियों के शाही स्नान पे करोड़ों का खर्च करती है।”
इस स्क्रीनशॉट को एक X यूज़र ने शेयर करते हुए लिखा, “कुम्भ मेला को लेकर पहली बार सांसद बनते ही प्रियंका वाड्रा का पहला ट्वीट……क्या कुछ समझे हिन्दुओ ??”
एक एक्स यूज़र ने लिखा है, “कुंभ मेले पर-प्रियंका वाड्रा का ट्वीट देखिये. चाणक्य ने सही कहा था. विदेशी कोख से जन्मी संतान राष्ट्रभक्त नहीं हो सकती.” ऐसे ही दावों वाले पोस्ट के आर्काइव वर्ज़न यहां और यहां देखे जा सकते हैं।

नवंबर 2024 में केरल की वायनाड सीट पर हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद प्रियंका गांधी ने लोकसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।
हालांकि, हमारी जांच में सामने आया कि वायरल स्क्रीनशॉट प्रियंका गांधी के नाम से बनाए गए एक फ़ेक अकाउंट से है। प्रियंका गांधी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कुंभ मेले के बारे में कुछ भी पोस्ट नहीं किया है।
जांच पड़ताल:
लॉजिकली फ़ैक्ट्स ने स्क्रीनशॉट में दिखाए गए अकाउंट “@PriyankagaINC” की जांच की और पाया कि यह न तो वेरिफाइड है और न ही प्रियंका गांधी के आधिकारिक X अकाउंट से संबंधित है। उनका आधिकारिक अकाउंट @priyankagandhi (आर्काइव यहां) है, जिसे ग्रे वेरिफ़िकेशन टिक मार्क मिला हुआ है। यह टिक इस बात की पुष्टि करता है कि अकाउंट एक्स के वेरिफ़िकेशन दिशानिर्देशों के अनुसार एक सरकारी या बहुपक्षीय संगठन से जुड़ा है। कुंभ मेले पर हालिया पोस्ट के लिए उनके आधिकारिक अकाउंट की जांच में वायरल दावे से मेल खाता कोई पोस्ट नहीं मिला।
आगे की जांच में पता चला कि “@PriyankagaINC” नाम का अकाउंट 2019 में सक्रिय था, लेकिन बाद में हटा दिया गया. इसका प्रमाण फ़रवरी 2, 2019 को यूज़र विधुर मन्ना द्वारा की गई एक एक्स पोस्ट (आर्काइव यहां) में मिलता है, जिसमें इस हटाए गए अकाउंट का ज़िक्र किया गया था।
इसके अलावा, वायरल स्क्रीनशॉट पहली बार फ़रवरी 2, 2019 को दोपहर 3:11 बजे शेयर किया गया था (आर्काइव यहां), जो प्रियंका गांधी के सांसद बनने से काफी पहले की बात है। वह आधिकारिक तौर पर फ़रवरी 11, 2019 को एक्स (पूर्व में ट्विटर) से जुड़ीं और कांग्रेस ने उसी दिन उनके वेरिफाइड अकाउंट (@priyankagandhi) की घोषणा की थी (आर्काइव यहां)। यह आधिकारिक अकाउंट वायरल पोस्ट में दिखाए गए अकाउंट से अलग है।

ध्यान रहे कि प्रियंका गांधी ने अपने वेरिफाइड एक्स अकाउंट पर पहली पोस्ट मार्च 12, 2019 को शेयर की थी, न कि फ़रवरी 11, 2019 को, जैसा कि वायरल दावे में बताया गया है.
निष्कर्ष: केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम से एक फ़र्ज़ी पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें ग़लत दावा किया गया है कि उन्होंने कुंभ मेले के बारे में विवादित टिप्पणी की है। हालांकि, उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐसा कोई पोस्ट नहीं मिला। यह दावा उनके नाम से बनाए गए एक फ़ेक अकाउंट से शेयर किया गया था।
(यह फैक्ट-चेक मूल रूप से लॉजिकली फैक्ट्स द्वारा किया गया है। यहां इसे शक्ति कलेक्टिव के सदस्य के रूप में पेश किया जा रहा है।)
https://www.logicallyfacts.com/hi/fact-check/no-congress-mp-priyanka-gandhi-vadra-did-not-share-post-against-kumbh-mela