ट्विटर पर क्लाइमेट एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग (Climate Activist Greta Thunberg) के साथ उलझने के एक दिन बाद इंटरनेट के विवादित इंफ्लूएंसर और पूर्व किक बॉक्सर एंड्रयू टेट (former kickboxer Andrew Tate) को रोमानिया (Romania) में गिरफ्तार कर लिया गया। 29 दिसंबर को टेट व उनके भाई को रोमानिया की ऑथरटी ने मानव तस्करी, रेप और आपराधिक गिरोह बनाने के मामले में गिरफ्तार किया। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेट ब्रदर्स अप्रैल से ही आपराधिक जांच के दायरे में थे लेकिन गिरफ्तारी पिज़्ज़ा बॉक्स (Pizza Box) की वजह से हुई।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
महिला विरोधी बयानों के लिए कुख्यात एंड्रयू टेट को पुलिस पिछले 9 महीनों से ढूंढ रही थी। लेकिन वह पुलिस के शिकंजे में फंसे ग्रेटा थनबर्ग को जवाब देने की कोशिश में। दरअसल पिछले दिनों ट्विटर पर टेट और थनबर्ग के बीच बहस हो गयी थी। टेट ने थनबर्ग को टैग करते हुए बताया कि उनके पास 33 कारें हैं, जो बेतहाशा कार्बन उत्सर्जन करती है। उन्होंने कुछ उदाहरण दिए और विस्तार से जानकारी देने के लिए थनबर्ग से उनका ईमेल मांग लिया।
इसके जवाब में 19 साल की थनबर्ग ने लिखा हाँ, कृपया मेरी जानकारी बढ़ाएं। मुझे smalldickenergy@getalife.com पर ईमेल करें। ‘small dick energy’ एक फ्रेज है, जिसका इस्तेमाल कर ग्रेटा थनबर्ग ने टेट की बेइज्जती कर दी। थनबर्ग की इस ट्वीट को खूब पसंद किया गया। 3.7 मिलियन लोगों ने थनबर्ग के ट्वीट को लाइक किया।
इससे बौखलाए टेट ने वीडियो बनाकर थनबर्ग को जवाब देने की ठानी। और यही उनके गिरफ्तारी का कारण बनी। दरअसल इस वीडियो में थनबर्ग पर विवादित कमेंट करने के दौरान टेट ने जैरी बॉक्स नामक पिज्जा कंपनी के बॉक्स को ऑर्डर किया। यह रोमानिया बेस्ड एक पिज्जा कंपनी है। पिज्जे के डिब्बे पर छपे रेस्टोरेंट के डिटेल्स से टेट की लोकेशन का पता चल गया। मानव तस्करी मामले में पुलिस अप्रैल से ही टेट की तलाश में थी लेकिन टेट खुद को देश से बाहर बताते थे। वीडियो सामने आते ही रोमानिया पुलिस को टेट की लोकेशन का पता चल गया और दोनों भाई धर लिए गए।
इस घटना के बाद ग्रेटा ने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा, ”यही होता है, जब आप अपने पिज्जा बॉक्स को रिसाइकल नहीं करते।”
कौन है एंड्रयू टेट?
एंड्रयू टेट एक अमेरिकी-ब्रिटिश किकबॉक्सर हैं। उनकी उम्र 36 वर्ष है। वह कोबराटेट नामक एक वेबसाइट चलाते हैं। दरअसल वह खुद को किंग कोबरा कहते हैं। उनके नाम ISKA किकबॉक्सिंग विश्व चैंपियनशिप का ताज है। 2016 में टेट यूके के रियलिटी शो बिग ब्रदर में दिखाई दिए थे, लेकिन एक वीडियो सामने आने के बाद उन्हें हटा दिया गया। वीडियो में वह एक महिला को मारते दिखाई दे रहे थे, हालांकि उन्होंने वीडियो में दिख रही घटना को अस्वीकार कर दिया था।
टेट पिछले कुछ वर्षों से YouTube चैनलों और पॉडकास्ट के जरिए पुरुषों को कथित तौर पर सशक्त बनाने वाला कंटेंट दे रहे हैं। उसे वह टेट स्पीच’ कहते हैं। हाल में उनके कंटेंट को बड़े पैमाने पर लोकप्रियता मिली है। इस साल जून तक किम कार्दशियन और डोनाल्ड ट्रम्प की तुलना में उन्हें अधिक बार गूगल किया गया। उनके वीडियो या इंटरव्यू के कुछ हिस्सों को छोटी क्लिप में बदल दिया जाता है और फिर टिकटॉक पर या इंस्टाग्राम रील्स वीडियो के रूप में पोस्ट किया जाता है, जहां उन्हें दुनिया भर में लाखों लोग देखते हैं।
टेट के साथ समस्या क्या है?
एंड्रयू टेट के साथ समस्या यह है कि वह मर्दवाद और रूढ़िवादी को सेलिब्रेट करते हैं। वह पुरुषों को महिलाओं से सुपीरियर समझते हैं। टेट के मुताबिक, महिलाएं पुरुषों के इस्तेमाल की चीज है। उन्हें घर में रहकर पुरुषों की सेवा करनी चाहिए। टेट मानते हैं कि रेप पीड़िता को भी अपराध कि थोड़ी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। यही नहीं वह यह भी मानते हैं कि पुरुषों को 18 से 19 साल की लड़कियों को ही डेट करना चाहिए ताकि वह उन्हें प्रभावित कर सकें। एक वीडियो में उन्होंने कहा था कि अगर किसी महिला ने पुरुष को धोखा दिया तो उसकी गर्दन पकड़कर उसके चेहरे पर माचिस जलानी चाहिए।
इस तरह के बयानों के लिए टेट को 2017 में ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉम से बैन कर दिया गया था। लेकिन मस्क के ट्विटर खरीदते ही टेट को उनकी आइडी वापस मिल गयी। अमेरिका के शिकागो में जन्में और ब्रिटेन के ल्यूटन में पले-बढ़े टेट ने अपने करियर की शुरुआत किक बॉक्सिंग से की थी। बाद में वह टीवी प्रोड्यूसर के तौर पर भी काम करने लगे थे। लेकिन महिला विरोधी बयानों के कारण उन्हें ब्रिटेन में पसंद नहीं किया गया और वह रोमानिया में आकर छिप गए।
इसी साल अप्रैल में अमेरिकी एंबेसी ने रोमानिया पुलिस को जानकारी दी थी कि टेट और उनके भाई ने 21 साल की अमेरिकी लड़की को अपने घर पर बंधक बना रखा है। इसके बाद दोनों भाइयों से पूछताछ की गयी थी। हालांकि सबूतों के अभाव में दोनों छूट गए थे।