इजरायली हमलों में गाजा पट्टी के अब तक 4,700 से अधिक लोग मारे गए हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक मारे गए कुल लोगों में से करीब 1,800 बच्चे थे। गाजा में करीब 16,000 लोग घायल भी हैं।
गाजा पट्टी 2007 से इजरायल की नाकाबंदी में है। गाजा में हमास का शासन है, जो पिछले 15 वर्षों में पांच बार इजरायल के साथ युद्ध कर चुका है। इजरायल के साथ हालिया युद्ध पिछले 15 वर्षों का पांचवां युद्ध है। अन्य चार युद्ध 2008, 2012, 2014 और 2021 में हुए थे। हर बार इजरायल के हवाई हमलों ने गाजा की इमारतों को जमींदोज किया और नागरिकों की जान ली है। इससे गाजा की गरीबी तेजी से बढ़ी है।
2022 में वेस्ट बैंक और गाजा की प्रति व्यक्ति जीडीपी $5,722 थी। यह भारत की प्रति व्यक्ति जीडीपी ($7,096) से कम और पाकिस्तान की प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद ($5,452) से थोड़ा ज्यादा था। इजरायल की प्रति व्यक्ति जीडीपी सात गुना अधिक $44,272 थी।
अब तक के सबसे घातक युद्ध में है गाजा
गाजा में मरने वालों की संख्या पहले ही रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। 4,700 से अधिक की जान जा चुकी है और गिनती जारी है। इजरायल के साथ हमास का पांचवां युद्ध अब तक का सबसे घातक युद्ध बन गया है।
जुलाई-अगस्त 2014 में सात सप्ताह तक चले संघर्ष में लगभग 2,250 फिलिस्तीनी मारे गए थे। उस दौरान भी बच्चे मारे गए थे। साल 2021 में इस क्षेत्र की एक महिला तीन से ज्यादा बच्चे पैदा कर रही थी। तुलना के लिए जान लें कि तब भारत की प्रजनन दर 2.08 थी।
दुनिया की सबसे घनी आबादी वाली जगहों में से एक है गाजा
गाजा पट्टी का जनसंख्या घनत्व 6,019 है, जो इसे दुनिया के सबसे घने स्थानों में से एक बनाता है। गाजा से अधिक आबादी दुनिया के केवल चार अन्य जगहों (मकाओ, मोनाको, सिंगापुर और हांगकांग) की है।
गाजा की बड़ी आबादी में अधिकांश बच्चे हैं, वयस्कों पर उनका भरण-पोषण करने का बहुत बोझ है। उद्योग की खराब स्थिति के कारण, गाजा में बेरोजगारी चरम पर है। इससे अधिक चिंता की बात यह है कि आबादी का केवल एक छोटा सा हिस्सा ही नौकरियों की तलाश में है।
2021 में वेस्ट बैंक और गाजा में लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट (LFPR) 43% था। केवल गाजा पट्टी की बात करें, तो यह 35% से भी कम था। LFPR के मामले में ये आंकड़े दुनिया में सबसे कम थे। आसान भाषा में कहें तो LFPR से पता चलता है कि कितने लोग नौकरी की ‘मांग’ कर रहे हैं। लेबर फोर्स में 15 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को शामिल किया जाता है। 2021 में वेस्ट बैंक और गाजा में बेरोजगारी दर 26% थी। सिर्फ गाजा में यह 45% थी।
स्थिति और बिगड़ने वाली है
इजरायल के हमले से गाजा में 16,000 से अधिक लोग घायल हैं। गाजा में प्रति 10,000 जनसंख्या पर 13 बेड वाला एक अस्पताल है। इससे यह संकेत मिलता है कि मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है, क्योंकि घायलों को पर्याप्त इलाज नहीं मिल पाएगा।
गाजा की नाकाबंदी का संक्षिप्त इतिहास
1967 के युद्ध (Six-Day War) के दौरान गाजा पट्टी पर इजरायल ने कब्जा कर लिया था। भारी विरोध के बाद साल 2005 में इजरायल गाजा से बाहर निकल आया। लेकिन आने वाले वर्षों में पूरे पट्टी की नाकाबंदी कर दी।
गाजा, पूर्व और उत्तर में इजरायल से घिरा है। दक्षिण में मिस्र है और पश्चिम में भूमध्य सागर। इजरायल और मिस्र ने अपनी तरफ से दीवार उठा दी है। बचा पश्चिम तो उधर समुद्र है, जिसे इजरायल ही कंट्रोल करता है। इस तरह गाजा में आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित है।
मिस्र की सीमा वाले राफा क्रासिंग को छोड़कर सभी एंट्री-एग्जिट इजरायल कंट्रोल करता है। वर्षों की बमबारी के साथ-साथ लोगों और सामानों की आवाजाही की गहन जांच ने गाजा के विकास को ठप कर दिया है। हाल के दशकों में वहां कोई बड़ी उन्नति नहीं हुई है।

(गाजा के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए फोटो पर क्लिक करें।)