Nobel Prize in Literature 2022: साहित्य के लिए मिलने वाले नोबेल पुरस्कार की घोषणा हो गई है। 2022 का Nobel Prize in Literature फ्रेंच लेखिका एनी एनॉक्स (Annie Ernaux) को मिला है। 82 वर्षीय एनॉक्स साहित्य का नोबेल पाने वाली 17वीं महिला हैं।
एनी एनॉक्स का जन्म 1 सितंबर 1940 को फ्रांस के एक छोटे से शहर यवेटोट में हुआ था। वह अभी भी फ्रांस में ही रहती हैं। उनके माता पिता एक किराने की दुकान और कैफे चलाते थे।
कौन हैं एनी एनॉक्स?
फ्रेंच उपन्यासकार एनी एनॉक्स अपने मजदूर वर्ग के माता-पिता के साथ पली-बढ़ीं। उन्होंने रूएन विश्वविद्यालय में पढ़ाई की है। वह 1977 से 2000 तक सेंटर नेशनल डी’एन्साइनमेंट पार कॉरेस्पोंडेंस में प्रोफेसर थीं।
उनकी ज्यादातर रचनाएं आत्मकथात्मक (Autobiographical) शैली में हैं, जैसे- ए वूमन स्टोरी, ए मैन्स प्लेस और सिंपल पैशन। एनॉक्स के साहित्यिक जीवन की शुरुआत 1974 में हुई थी। इस साल उनकी रचना ‘लेस अरमोयर्स वीड्स’ प्रकाशित हुई थी। साल 1990 में यह पुस्तक अंग्रेजी में Cleaned Out के नाम से प्रकाशित हुई। एनॉक्स को साहित्यिक सफलता उनकी चौथी रचना La place or A Man’s Place से मिली।
एनॉक्स की रचनाएं आम जिंदगी से इस कदर सराबोर होती हैं कि अंग्रेजी के आलोचक उसे संस्मरण की श्रेणी में रखना चाहते हैं। हालांकि उनका खुद का ऐसा मानना है कि वह फिक्शन लिखती हैं। उनकी कई रचनाओं का अंग्रेजी में भी अनुवाद हुआ है। साल 2019 में उनकी पुस्तक ‘द इयर्स’ अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित हुई थी। एनॉक्स की रचनाओं को सेवन स्टोरीज़ प्रेस प्रकाशित करता है। वह सेवन स्टोरीज़ प्रेस की सात संस्थापक साहित्यकारों में से एक हैं।
एनी एनॉक्स साल 2014 में पैत्रिक मोदियानो के बाद नोबेल जीतने वाली पहली फ्रांसीसी लेखिका हैं। नोबेल कमेटी ने एनॉक्स को विजेता चुनने की वजह बताते हुए कहा है, ”एनी को उनके साहस और नैतिक सटीकता के साथ अपनी यादों की जड़ों को खोदकर, सामाजिक प्रतिबंधों को उजागर करने के लिए चुना गया है।” पुरस्कार की घोषणा करने के दौरान नोबेल कमेटी ने कहा कि वे अभी तक एनी एनॉक्स से फोन पर संपर्क नहीं कर पाए हैं, उम्मीद है जल्द ही उनसे बात होगी।
साहित्य के लिए मिले नोबेल का इतिहास
1901 से अब तक साहित्य के लिए 115 नोबेल पुरस्कार दिया चुका है। चार ऐसे भी मौके आए हैं जब दो लोगों को प्राइज साझा करना पड़ा। साहित्य के लिए नोबेल पाने वाले सबसे कम उम्र के लेखक रुडयार्ड किपलिंग हैं। उन्हें साल 1907 में 41 वर्ष की आयु में द जंगल बुक के लिए नोबेल मिला था। साल 1958 और 1964 में नोबेल के लिए चुने गए साहित्यकारों ने पुरस्कार लेने से मना कर दिया था।
