पीटीआई फैक्ट चेक: सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप शेयर कर दावा किया गया है कि 11 फरवरी 2025 को दुबई के बुर्ज खलीफा में भीषण आग लग गई। वायरल हो रही इस क्लिप में आग की लपटों के बीच लोगों को घबराकर भागते हुए दिखाया गया है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में पता चला कि बुर्ज खलीफा में आग लगने का दावा पूरी तरह फर्जी है। वायरल वीडियो AI-जेनरेटेड है और इसे सोशल मीडिया पर वास्तविक घटना बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक यूजर ने 12 फरवरी को वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “11 फरवरी 2025 को बुर्ज खलीफा में आग…”
इसके अलावा वायरल वीडियो के अंदर ‘आज 11/02/2025 दुबई में बुर्ज खलीफा’ भी लिखा हुआ है। इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं और हजारों लोग इसे सच मानकर लाइक, कमेंट और शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर भी इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया गया है। पोस्ट का लिंक यहां और यहां क्लिक कर देखें।
जांच पड़ताल:
दावे की पुष्टि के लिए, डेस्क ने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। हमें बुर्ज खलीफा में भीषण आग लगने से जुड़ी ऐसी कोई हालिया न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए डेस्क ने वायरल वीडियो के कमेंट बॉक्स को ध्यान से देखा। इसमें कई यूजर्स ने वीडियो के AI जेनरेटेड होने की संभावना व्यक्त की है।
वीडियो को ध्यान से देखने पर डेस्क ने नोटिस किया कि वीडियो में बुर्ज खलीफा की पृष्ठभूमि और आसपास के पेड़ असामान्य दिख रहे हैं। डेस्क को वीडियो की विश्वसनीयता पर संदेह हुआ।
जांच के अगले चरण में डेस्क ने वीडियो के कुछ की-फ्रेम्स को AI डिटेक्शन टूल Hive Moderation से स्कैन किया। इसमें वीडियो के AI-जेनरेटेड होने की संभावना व्यक्त की गई।
हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट है कि बुर्ज खलीफा में आग लगने का दावा पूरी तरह से फर्जी है। वायरल वीडियो AI-जेनरेटेड है और इसे सोशल मीडिया पर वास्तविक घटना बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
निष्कर्ष: बुर्ज खलीफा में आग लगने का दावा पूरी तरह से फर्जी है। वायरल वीडियो AI-जेनरेटेड है और इसे सोशल मीडिया पर वास्तविक घटना बताकर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
यह फैक्ट-चेक मूल रूप से पीटीआई फैक्ट चेक द्वारा किया गया है। यहां इसे शक्ति कलेक्टिव के सदस्य के रूप में पेश किया जा रहा है।
https://bhasha.ptinews.com/fact-detail/2297559