विश्वास न्यूज: सोशल मीडिया पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को थप्पड़ मारने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव 2024 के लिए प्रचार कर रहे अरविंद केजरीवाल को किसी ने थप्पड़ मार दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह साल 2019 में हुई घटना का वीडियो है। 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान केजरीवाल दिल्ली के मोती नगर इलाके में रोड शो कर रहे थे। उस दौरान सुरेश चौहान नाम के एक शख्स ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।
क्या है दावा?
इंस्टाग्राम यूजर sanatan_hindu56 ने वायरल वीडियो को शेयर किया हुआ है। वीडियो पर लिखा हुआ है, “बिना थप्पड़ के ये चुनाव अधूरा सा लग रहा था। दिल के ठंडक पहुंची ये देख के। अरविंद केजरीवाल का जेल से निकलते ही स्वागत हुआ।”

जांच पड़ताल:
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी हालिया मीडिया रिपोर्ट (आर्काइव लिंक) नहीं मिली। हमें वायरल वीडियो हिंदुस्तान टाइम्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो 4 मई 2019 को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट (आर्काइव लिंक) न्यूज 18 की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 5 मई 2019 को प्रकाशित किया गया है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल दिल्ली के मोती नगर इलाके में बृजेश गोयल के लिए प्रचार करने आये थे और रोड शो कर रहे थे। इसी दौरान एक शख्स ने आकर केजरीवाल को थप्पड़ मार दिया।

व्यक्ति की पहचान 33 वर्षीय सुरेश चौहान के रूप में हुई थी, जो कि दिल्ली के कैलाश पार्क में एक स्पेयर पार्ट डीलर का काम करता था।
एनडीटीवी की वेबसाइट पर 10 मई 2019 को प्रकाशित एक रिपोर्ट (आर्काइव लिंक) के मुताबिक, हमलावर सुरेश ने पुलिस को बताया कि किसी ने उसे अरविंद केजरीवाल पर हमला करने के लिए नहीं कहा था। वह किसी भी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ा हुआ है। उसे नहीं पता कि उसने केजरीवाल पर हमला क्यों किया। उसे अपने काम पर पछतावा है।

अधिक जानकारी के लिए हमने हमने दिल्ली दैनिक जागरण में आम आदमी पार्टी को कवर करने वाले प्रमुख संवाददाता वीके शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2019 का है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 16 सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली के सीएम केजरीवाल को थप्पड़ मारने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह साल 2019 में हुई घटना का वीडियो है।
(यह फैक्ट-चेक मूल रूप से विश्वास न्यूज़ द्वारा किया गया है। यहां इसे शक्ति कलेक्टिव के सदस्य के रूप में पेश किया जा रहा है।)
https://www.vishvasnews.com/politics/fact-check-5-year-old-video-of-arvind-kejriwal-being-slapped-goes-viral-amid-misleading-claims