2024 के लोकसभा चुनाव के लिहाज से पांचों राज्य के विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण थे। इस चुनाव में कांग्रेस की मजबूत स्थिति विपक्षी दलों के गठबंधन ‘INDIA’ (Indian National Developmental Inclusive Alliance) में ग्रैंड ओल्ड पार्टी की भूमिका को महत्वपूर्ण बनाती। INDIA में 26 दल हैं। विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन गठबंधन के भीतर कांग्रेस की बार्गेनिंग पावर को बढ़ता। लेकिन अब लग रहा गठबंधन के भीतर कांग्रेस की स्थिति एक आम पार्टी की होगी।
INDIA गठबंधन के कई दलों का विचार था कि पांच राज्यों का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ना चाहिए। राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में क्षेत्रीय दलों ने कांग्रेस के सामने प्रस्ताव रखा कि कुछ सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ा जाए। लेकिन कांग्रेस ने इस प्रस्ताव पर विचार करने से इनकार कर दिया। अब जब कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है तो जाहिर है क्षेत्रीय दल उसपर आसानी से दबाव बना पाएंगे।
किसके कितने MLA?
भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिलाकर INDIA गठबंधन के पास 1794 विधायक हैं। कांग्रेस के पास 765 विधायक हैं, जो कि INDIA गठबंधन के कुल विधायकों का 42.65% है। टीएमसी 220 विधायकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं आम आदमी पार्टी के पास 161 विधायक हैं। INDIA गठबंधन की तुलना में एनडीए के पास कम विधायक हैं। देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एनडीए के 1651 विधायक हैं। इसमें भाजपा के 1336 विधायक हैं।
किसके कितने CM?
भारतीय जनता पार्टी (BJP) राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में जीत की तरफ बढ़ती नजर आ रही है। जीत पर औपचारिक मुहर लगने के बाद भाजपा अपने दम पर 12 राज्यों में सत्ता संभालेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस है जिसके चार राज्यों (हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक) में मुख्यमंत्री हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ हारने के बाद कांग्रेस के हाथों में केवल दो राज्यों की कमान बच जाएगी।
तेलंगाना में कांग्रेस आगे चल रही हैं। अगर पार्टी वहां सरकार बनाती है तो देश के तीन प्रदेशों में कांग्रेस के मुख्यमंत्री नजर आएंगे। बिहार और झारखंड में कांग्रेस के मुख्यमंत्री नहीं हैं। लेकिन पार्टी सत्तारूढ़ गठबंधनों का हिस्सा है। कांग्रेस ने तमिलनाडु में भी द्रमुक को सपोर्ट किया। लेकिन सरकार का हिस्सा नहीं है। इस तरह मुख्यमंत्री के मामले में कांग्रेस दूसरे और आम आदमी पार्टी तीसरे नंबर पर होगी। AAP दिल्ली और पंजाब सरकार चला रही है।
वर्तमान में 10 राज्यों (उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश) में भाजपा के मुख्यमंत्री हैं। राजस्थान और छत्तीसगढ़ जीतने के बाद यह संख्या 12 हो जाएगी। मुख्यमंत्रियों के मामले में भाजपा का चरम मई 2018 था, जब उसके 12 मुख्यमंत्री थे। वह चरम एक बार फिर हासिल होने वाला है। इन 12 राज्यों के अलावा भाजपा पांच राज्यों (महाराष्ट्र, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम और पुडुचेरी) में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा भी है।