चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को विदेश मंत्री किन गैंग को उनके पद से हटा दिया। उनकी जगह पर वांग यी को नया विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। पिछले करीब एक महीने से किन गैंग काम पर नहीं आ रहे थे। इसके बाद कयास भी लगाए जा रहे थे कि आखिर उनके साथ क्या हुआ।
किन गैंग दिसंबर 2022 में बने थे मंत्री
बता दें कि चीन के नए विदेश मंत्री वांग पहले भी विदेश मंत्री रह चुके हैं। किन गैंग दिसंबर 2022 में ही चीन के विदेश मंत्री बने थे, लेकिन 25 जून के बाद उन्हें सार्वजनिक जगहों पर नहीं देखा क्या। चीन के विदेश मंत्री किन गैंग को 4 जुलाई को यूरोपियन यूनियन के फॉरेन पॉलिसी चीफ से मुलाकात करनी थी। लेकिन उनके मौजूद ना रहने के कारण इस मीटिंग को आगे के लिए टाल दिया गया।
चीन के पत्रकारों को भी जानकारी नहीं
चीन के पत्रकारों को भी विदेश मंत्री के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने 7 जुलाई को इसके बारे में पूछा भी था। 10 और 11 जुलाई को चीनी विदेश मंत्री को इंडोनेशिया में एक समिट में हिस्सा लेना था लेकिन नहीं पहुंच पाए।
विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया था कि तबीयत खराब होने की वजह से मीटिंग में नहीं जा पाएंगे। इसके बाद फिलीपींस के राष्ट्रपति के साथ मीटिंग भी थी लेकिन वहां पर भी नहीं पहुंच पाए थे। इसके बाद विदेश मंत्री के पद से उन्हें हटा दिया गया।
विश्लेषकों और राजनयिकों ने कहा कि इससे देश के नेतृत्व के बीच पारदर्शिता और निर्णय लेने के बारे में संदेह भी गहरा रहा है। 69 वर्षीय वांग जो नए विदेश मंत्री बने वह 2018 से 2022 तक इस पद को संभाल चुके हैं। चीन के विदेश मंत्रालय ने इस बदलाव पर टिप्पणी करने से मना कर दिया।
कौन हैं किन गैंग?
1966 में चीन के तिआंजिन में जन्मे किन गैंग को जुलाई 2021 में शी जिनपिंग ने अमेरिका में चीनी राजदूत नियुक्त किया था। वह 2018 से 2021 तक चीन के विदेश मामलों के उप मंत्री और 2015 से 2018 तक विदेश मंत्रालय में प्रोटोकॉल के निदेशक का भी पद संभाल चुके हैं। किन गैंग 2011 से 2015 तक विदेश मंत्रालय में सूचना निदेशक के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
बता दें कि चीन के पूर्व विदेश मंत्री किन गैंग की लोकप्रियता काफी तेजी से बढ़ रही थी। बीजिंग में जब अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने उनसे मुलाकात की, उसके बाद चीन और अमेरिका के तनावपूर्ण संबंध भी नरम हुए। इसमें किन गैंग की भूमिका काफी अहम मानी जा रही थी। पिछले कुछ समय से किन गैंग की तुलना चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से की जा रही थी। अपने 8 महीने के कार्यकाल में किन ने ऐसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए, जिससे चीन में उनकी लोकप्रियता बढ़ने लगी।
पिछले 1 महीने से किन के नजर ना आने के पीछे एक महिला पत्रकार के साथ उनके अफेयर को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह एक न्यूज़ एंकर के साथ रिलेशनशिप में हैं। महिला पत्रकार हांगकांग में ही कार्यरत है।
