फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूरोपीय संसद चुनावों से पहले बड़ा फैसला लिया है। इमैनुएल मैक्रों ने अपने दूसरे कार्यकाल में नई जान फूंकने के लिए मंगलवार को 34 वर्षीय शिक्षा मंत्री गेब्रियल अटल को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। गेब्रियल अटल फ्रांस के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे और खुले तौर पर समलैंगिक होने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।

गेब्रियल अटल फ्रांस के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे और खुले तौर पर समलैंगिक होने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। इमैनुएल मैक्रों के करीबी सहयोगी गेब्रियल अटल (कोविड महामारी के दौरान सरकार के प्रवक्ता के रूप में एक प्रसिद्ध नाम बन गए) निवर्तमान प्रधान मंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न की जगह लेंगे।

गेब्रियल को देश के सबसे लोकप्रिय राजनेताओं में से एक माना जाता है और उन्होंने रेडियो शो और संसद में सहजता से काम करने वाले एक समझदार मंत्री के रूप में अपनी पहचान बनाई है।

गेब्रियल 2020 से 2022 तक प्रधानमंत्री जीन कैस्टेक्स के सरकार में सरकारी प्रवक्ता थे। वह मई 2022 में प्रधानमंत्री एलिज़ाबेथ बोर्न की सरकार में पब्लिक एक्शन और एकाउंट्स मंत्री बने। जुलाई 2023 में अटल को राष्ट्रीय शिक्षा और युवा मंत्री नियुक्त किया गया था। अटल ने ही फ्रांसीसी स्कूलों में इस्लामिक हेडड्रेस पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

मीडिया में अटकलें हैं कि गेब्रियल 2027 के फ्रांसीसी राष्ट्रपति चुनाव में इमैनुएल मैक्रों के उत्तराधिकारी के रूप में उम्मीदवार होंगे। यूरोपीय संसद के चुनाव जून में होने वाले हैं। फ्रांस में ओपिनियन पोल्स से पता चलता है कि चुनाव से पहले इमैनुएल मैक्रॉन की पार्टी धुर दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन से लगभग आठ से दस फीसदी पॉइंट्स से पीछे चल रही है।