हैती के राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे के निजी आवास में कुछ अज्ञात लोगों के समूह ने हमला कर उनकी हत्या कर दी। देश के अंतरिम प्रधानमंत्री ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी। अंतरिम प्रधानमंत्री क्लॉड जोसेफ ने बताया कि मोइसे की पत्नी, प्रथम महिला मार्टिनी मोइसे की हालत गंभीर है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। जोसेफ ने इस “घृणित, अमानवीय एवं नृशंस हरकत” की निंदा की और कहा कि हैती की नेशनल पुलिस एवं अन्य अधिकारियों ने कैरेबियाई देश में स्थिति पर नियंत्रण बनाया हुआ है। मंगलवार देर रात यह हत्या देश में गहराते राजनीतिक एवं आर्थिक स्थिरता के संकट तथा गिरोह हिंसा बढ़ जाने के बीच हुई।

11 मिलियन से अधिक लोगों का राष्ट्र मोइसे के शासन के तहत तेजी से अस्थिर और असंतुष्ट हो गया था। इससे आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक संकट गहरा गया था। राजधानी पोर्ट-ऑ-प्रिंस में गिरोह हिंसा में भारी वृद्धि हो गई थी, मुद्रास्फीति बढ़ती जा रही थी। ऐसे देश में कई बार खाने और ईंधन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई थी। हैती ऐसा देश है, जहां 60% आबादी प्रति दिन 2 अमरीकी डालर से भी कम कमाती है। हैती में 2010 में आए विनाशकारी भूकंप और 2016 में आए तूफान मैथ्यू से देश अब भी उबरने की कोशिश कर रहा है। इस दौरान ये मुसीबतें भी आईं।

हैती में राष्ट्रपति, विधायी और स्थानीय चुनावों के बाद सितंबर में एक संवैधानिक जनमत संग्रह भी होना है। कोरोनोवायरस महामारी की वजह से ये दो बार स्थगित हो चुके हैं।

हालांकि आलोचकों का दावा है कि देश में सामान्य असुरक्षा को देखते हुए चुनाव आयोजित करना असंभव है। राष्ट्रपति जोवेनेल मोइसे पर हमला किसने किया और उसकी मंशा क्या थी, अभी यह पता नहीं चल सका है, लेकिन देश के राजनीतिक और आर्थिक खस्ताहाल की वजह से वह विवादों में घिर गए थे। उनके ऊपर पद से हटने का जबर्दस्त दबाव भी था।