ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में प्रवासियों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अमेरिका 5.5 करोड़ से अधिक ऐसे लोगों के वैध वीजा की समीक्षा कर रहा है, जिन्होंने देश में किसी तरह के नियमों और कानूनों का उल्लंघन किया है। इससे उन पर डिपोर्टेशन का खतरा भी मंडरा रहा है। इसके साथ ही अमेरिका ने कमर्शियल ट्रक ड्राइवर के लिए वर्कर वीजा बंद कर दिया है।

ट्रंप प्रशासन ने गुरुवार को कहा कि वह वैध अमेरिकी वीजा वाले 55 मिलियन से अधिक लोगों की समीक्षा कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे किसी उल्लंघन के कारण निर्वासन का सामना कर रहे हैं। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, विदेश विभाग ने कहा कि सभी अमेरिकी वीजा धारकों (जिनमें कई देशों के पर्यटक शामिल हो सकते हैं) की निरंतर जांच की जा रही है ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि क्या वे अमेरिका में प्रवेश करने या रहने की अनुमति के लिए अयोग्य हो सकते हैं। अगर ऐसी जानकारी पाई जाती है तो वीजा रद्द कर दिया जाएगा और वीजा धारक अमेरिका में है तो उसे निर्वासित किया जाएगा।

वीजा धारकों की कड़ी जांच करेगा अमेरिकी विदेश मंत्रालय

अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने कहा कि अगर किसी वीजाधारक के निर्धारित समय से अधिक समय तक रहने, आपराधिक गतिविधि, सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा, किसी भी प्रकार की आतंकवादी गतिविधि में शामिल होने या किसी आतंकवादी संगठन को समर्थन देने के संकेत हों तो उसे अमेरिका में रहने की अनुमति देने वाले वीजा को किसी भी समय रद्द किया जा सकता है। विभाग ने कहा कि सभी अमेरिकी वीज़ा धारकों की निरंतर जांच की जाती है, ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि वे दस्तावेज के लिए अयोग्य हैं या नहीं।

पढ़ें- अमेरिका ने भारत पर क्यों लगाया 50% टैरिफ?

अमेरिका में कमर्शियल ट्रक चालकों के लिए श्रमिक वीजा बंद

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि उनका देश कमर्शियल ट्रक चालकों के लिए श्रमिक वीजा जारी करना बंद कर रहा है। रुबियो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस कदम की घोषणा करते हुए कहा कि यह बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘अमेरिकी सड़कों पर बड़े ट्रैक्टर-ट्रेलर चलाने वाले विदेशी चालकों की बढ़ती संख्या अमेरिकी नागरिकों की जान को खतरे में डाल रही है और अमेरिकी ट्रक चालकों की आजीविका को नुकसान पहुंचा रही है।’’ विदेश मंत्रालय ने इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि अमेरिका में कितने विदेशी ट्रक चालक काम कर रहे हैं।

फ्लोरिडा में हुई दुर्घटना के बाद एक्शन

यह चेतावनी 12 अगस्त को फ्लोरिडा टर्नपाइक पर हुए एक जानलेवा हादसे के कुछ ही दिन बाद आई है, जहां एक ट्रक ड्राइवर पर अवैध रूप से यू-टर्न लेने का आरोप लगाया गया था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। बाद में, होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने कहा कि ड्राइवर भारत से आया एक प्रवासी था और अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था।

ट्रंप प्रशासन ने पिछले कुछ महीनों में यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि ट्रक चालक अंग्रेजी बोलने और पढ़ने में दक्ष हों। परिवहन विभाग ने कहा कि इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा में सुधार करना है, क्योंकि चालकों के अंग्रेज़ी बोलने या संकेत पढ़ने में असमर्थता के कारण कई सड़क हादसों में लोगों की जानें गयी हैं। पढ़ें- सिक्योरिटी गारंटी के बदले अमेरिका से 100 अरब डॉलर के हथियार खरीदेगा यूक्रेन

(एपी के इनपुट के साथ)