अमेरिका के स्टेट रीप्रिजेंटेटिव का लड़का दुनिया की सबसे लंबी वाटर राइड पर मृत पाया गया है। जिस राइड पर लड़के की मौत हुई उसका नाम Verruckt है। वह राइड कान्सस के Schlitterbahn Waterpark में है। लोगों को राइड खत्म होने के बाद लड़के की मौत के बारे में पता लगा था। उस वक्त तक कोई नहीं जानता था कि वह कान्सस के स्टेट रीप्रिजेंटेटिव स्कॉट शवाब का लड़का है। बाद में स्कॉट ने खुद बयान जारी करके बताया कि राइड में जो मृत मिला वह उनका लड़का है। वाटरपार्क के कर्मचारी और मालिक ने अपनी सफाई में कहा है कि उन्हें नहीं पता कि लड़के की मौत कैसे हुई। वहीं पुलिस मामले की जांच में लग गई है।

क्या है राइड की खासियत: यह राइड दुनिया की सबसे ऊंची राइड मानी जाती है। इसकी वेबसाइट के मुताबिक, यह मशहूर नाइग्रा फॉल से भी ऊंची है। यह 168 फीट ऊंची बताई जाती है। स्टेचू ऑफ लिबर्टी की ऊंचाई भी इससे छोटी बताई जाती है। मिली जानकारी के मुताबिक Verruckt में राइड लेने के लिए पहले 264 सीढ़ियां में चढ़कर ऊपर जाना पड़ता है। फिर वहां से शख्स को नीचे भेजा जाता है। एक लंबा सा ट्रेक राइड कर रहे शख्स को फिसलाकर नीचे लेकर आता है। इसका नाम गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ ही पार्क और राइड दोनों को बंद कर दिया है। राइड अब शुक्रवार के बाद ही खुलेगी। वहीं स्कॉट अपने बेटे की मौत पर बहुत दुखी हैं। उन्होंने कहा कि जब से वह पैदा हुआ था तब से परिवार में खुशियां आ गई थीं। लड़के के नाम और उम्र के बारे में फिलहाल जानकारी नहीं है।